खूंटी जिले के विभिन्न प्रखंडों में वोलेंटियर्स को दिया जा रहा प्रशिक्षण
खूंटी : जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त मो० जावेद हुसैन के निर्देशानुसार जिले में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) कार्यक्रम के सफल क्रियान्वयन को लेकर विभिन्न प्रखंडों में चरणबद्ध तरीके से वोलेंटियर्स का प्रशिक्षण आयोजित किया जा रहा है। इस क्रम में खूँटी समेत अन्य प्रखंडो में चरणबद्ध तरीके से मास्टर ट्रेनर द्वारा प्रशिक्षण के माध्यम से वोलेंटियर्स को मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण की प्रक्रिया, उनकी भूमिका एवं जिम्मेदारियों की विस्तृत जानकारी दी जा रही है।
प्रशिक्षण सत्र के दौरान उप निर्वाचन पदाधिकारी श्रीमती सुषमा लकड़ा, मास्टर ट्रेनर श्री नवीन चंद्र झा एवं प्रखंड विकास पदाधिकारी श्रीमती ज्योति कुमारी उपस्थित रहीं।ㅤ
प्रशिक्षण के दौरान बताया गया कि वोलेंटियर्स किसी भी योग्य नागरिक अथवा प्रवासी मतदाता का फॉर्म स्वयं नहीं भरेंगे, बल्कि पात्र मतदाताओं को आवश्यक सहयोग एवं मार्गदर्शन प्रदान करेंगे। वोलेंटियर्स का मुख्य कार्य मतदाता सूची में नाम जोड़ने, संशोधन एवं अन्य प्रक्रियाओं के संबंध में नागरिकों को जागरूक करना तथा आवश्यकतानुसार सहायता उपलब्ध कराना होगा।
प्रशिक्षण में यह भी स्पष्ट किया गया कि वोलेंटियर्स को बीएलओ (BLO) के स्थान पर कार्य नहीं करना है, बल्कि उनके सहयोगी के रूप में कार्य करते हुए योग्य नागरिकों की पहचान करने, आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी देने तथा विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम को प्रभावी बनाने में सहयोग करना है।
वोलेंटियर्स को बताया गया कि वे वृद्धजनों, दिव्यांगजनों, आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग, अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति एवं पीवीटीजी समुदाय सहित सभी पात्र मतदाताओं तक पहुंच सुनिश्चित करें तथा उन्हें निर्वाचन आयोग द्वारा उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी दें।
प्रशिक्षण के दौरान वोलेंटियर्स को voters.eci.gov.in पोर्टल के माध्यम से मतदाता सूची में नाम खोजने, आवश्यक जानकारी प्राप्त करने एवं पीडीएफ डाउनलोड करने की प्रक्रिया का भी व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। साथ ही प्रशिक्षण वीडियो के माध्यम से सभी बिंदुओं को विस्तारपूर्वक समझाया गया, ताकि वोलेंटियर्स अपने दायित्वों का प्रभावी ढंग से निर्वहन कर सकें।
उल्लेखनीय है कि निर्वाचन आयोग द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार झारखंड में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के तहत 30 जून 2026 से 29 जुलाई 2026 तक बीएलओ द्वारा घर-घर जाकर सत्यापन एवं गणना प्रपत्रों का संकलन किया जाएगा। प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन 05 अगस्त 2026 को होगा, जबकि दावा एवं आपत्ति प्राप्त करने की अवधि 05 अगस्त से 04 सितंबर 2026 तक निर्धारित है। सभी दावों एवं आपत्तियों के निराकरण के उपरांत 07 अक्टूबर 2026 को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा।
जिला प्रशासन द्वारा सभी प्रखंडों में यह प्रशिक्षण कार्यक्रम चरणबद्ध तरीके से संचालित किया जा रहा है, ताकि विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम को सफलतापूर्वक संपन्न कराया जा सके।


