श्री नारायणी श्याम मंदिर निर्माण हेतु नींव पूजन संपन्न
खूंटी: बेलाहाथी रोड, खूंटी स्थित प्रस्तावित श्री नारायणी श्याम मंदिर निर्माण स्थल पर मंदिर निर्माण के शुभारंभ हेतु आयोजित नींव पूजन का धार्मिक एवं भक्तिमय वातावरण में सफलतापूर्वक समापन हुआ।
इस पावन अवसर पर विधि-विधान एवं मंत्रोच्चारण के साथ पूजा-अर्चना संपन्न कराई गई। पूजन में मुख्य यजमान के रूप में श्री गोपाल सरावगी के सुपुत्र श्री अखिल सरावगी एवं उनकी धर्मपत्नी श्रीमती नेहा सरावगी ने बैठकर पूजा की एवं बाबा श्याम का आशीर्वाद प्राप्त किया।
कार्यक्रम में श्री श्याम मंडल, खूंटी नगर शाखा के विभिन्न सदस्यगण, श्याम प्रेमी एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। सभी भक्तों ने इस ऐतिहासिक अवसर के साक्षी बनकर मंदिर निर्माण के लिए अपनी शुभकामनाएं दीं।
मौके पर श्री श्याम मंडल खूंटी नगर शाखा के अध्यक्ष श्री मुकुल पिपरिया ने बताया कि नींव पूजन के साथ मंदिर निर्माण कार्य का शुभारंभ हो चुका है तथा जल्द से जल्द निर्माण कार्य प्रारंभ करने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह मंदिर क्षेत्र के श्रद्धालुओं के लिए आस्था और भक्ति का एक प्रमुख केंद्र बनेगा।
श्री नारायणी श्याम मंदिर में तीन प्रमुख आराध्य देवों के भव्य मंदिर का निर्माण प्रस्तावित है, जिसमें श्री खाटू नरेश श्याम बाबा, श्री राणी सती दादी एवं सालासर बालाजी की प्रतिमाएं स्थापित की जाएंगी।
अध्यक्ष ने बताया कि मंदिर निर्माण केवल एक भवन का निर्माण नहीं, बल्कि धार्मिक आस्था, सामाजिक एकता एवं सनातन संस्कृति को आगे बढ़ाने का एक महत्वपूर्ण प्रयास है। मंदिर निर्माण हेतु भूमि दान के लिए श्री पवन सरावगी, श्री अजय सरावगी, श्री मनोज सरावगी, श्री राजेश सरावगी एवं श्री साकेत सरावगी जी के प्रति मंडल सदैव कृतज्ञ रहेगा। इनके सहयोग एवं समर्पण से यह धार्मिक कार्य संभव हो पा रहा है।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में श्री श्याम मंडल के सभी सदस्यों एवं भक्तों का विशेष सहयोग रहा।


