झारखंड कंबाइंड प्रवेश परीक्षा 26 जुलाई को, 20-22 जुलाई के बीच जारी हो सकता है एडमिट कार्ड
रांची: झारखंड संयुक्त प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा पर्षद ने झारखंड कंबाइंड प्रवेश परीक्षा की तिथि में महत्वपूर्ण बदलाव किया है। पहले यह परीक्षा 19 जुलाई को आयोजित होनी थी, लेकिन अब इसे 26 जुलाई को आयोजित किया जाएगा। परीक्षा नियंत्रक द्वारा आधिकारिक वेबसाइट पर जारी अधिसूचना के माध्यम से इस बदलाव की जानकारी दी गई है। माना जा रहा है कि प्रशासनिक कारणों और परीक्षा के सुचारू संचालन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यह फैसला लिया गया है।
परीक्षा की तिथि आगे बढ़ने से राज्यभर के हजारों अभ्यर्थियों को बड़ी राहत मिली है। जिन छात्रों की तैयारी अभी पूरी नहीं हो पाई थी, उन्हें अब लगभग एक सप्ताह का अतिरिक्त समय मिल गया है। इस दौरान वे अपने सिलेबस का बेहतर ढंग से रिवीजन कर सकते हैं, मॉक टेस्ट देकर तैयारी को मजबूत बना सकते हैं और कमजोर विषयों पर विशेष ध्यान दे सकते हैं। विशेषज्ञों का भी मानना है कि अतिरिक्त समय का सही उपयोग करने वाले छात्रों को इसका लाभ मिल सकता है।
परीक्षा की नई तिथि का प्रभाव एडमिट कार्ड जारी होने की प्रक्रिया पर भी पड़ेगा। आमतौर पर जेसीसीबी परीक्षा से चार से पांच दिन पहले प्रवेश पत्र जारी करता है। ऐसे में अब संभावना है कि परीक्षा के एडमिट कार्ड 20 से 22 जुलाई के बीच आधिकारिक वेबसाइट पर जारी किए जाएंगे। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे समय-समय पर जेसीईसीईबी की वेबसाइट पर नजर बनाए रखें और अपना लॉगिन आईडी एवं पासवर्ड सुरक्षित रखें, ताकि एडमिट कार्ड डाउनलोड करने में किसी प्रकार की परेशानी न हो। उम्मीदवारों को परीक्षा केंद्र, रिपोर्टिंग समय और अन्य महत्वपूर्ण निर्देशों का भी पालन करना होगा।


