राज्यसभा सांसद निर्वाचित होने पर बैद्यनाथ राम के आवास पर जश्न, समर्थकों में खुशी की लहर

रांची: झारखंड से राज्यसभा की एक सीट पर झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के उम्मीदवार बैद्यनाथ राम के निर्वाचित होने के बाद उनके धुर्वा स्थित आवास पर उत्सव का माहौल देखने को मिला। चुनाव परिणाम आने के साथ ही समर्थकों और पार्टी कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर दौड़ गई। लातेहार सहित राज्य के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में समर्थक सुबह से ही उनके आवास पहुंचने लगे थे और जीत की आधिकारिक घोषणा के बाद जश्न और भी तेज हो गया।
राज्यसभा चुनाव के नतीजे घोषित होते ही बैद्यनाथ राम की पत्नी सीमा राय ने समर्थकों के बीच मिठाइयां बांटकर खुशी साझा की। समर्थकों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर और शुभकामनाएं देकर अपनी प्रसन्नता व्यक्त की। इस दौरान उनके आवास पर बधाई देने वालों का तांता लगा रहा।
सीमा राय ने इस जीत का श्रेय मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को देते हुए उनके प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने एक संघर्षशील और जमीनी नेता पर भरोसा जताते हुए उन्हें राज्यसभा का उम्मीदवार बनाया। उन्होंने कहा कि बैद्यनाथ राम ने अपने जीवन में अनेक कठिन परिस्थितियों का सामना किया है और लंबे संघर्ष के बाद यह मुकाम हासिल किया है।
उन्होंने कहा कि बैद्यनाथ राम हमेशा दलितों, गरीबों और वंचित वर्गों की आवाज उठाते रहे हैं। अब राज्यसभा में भी वे झारखंड के दलित समाज और आम जनता के मुद्दों को मजबूती से उठाएंगे। उनकी जीत से लातेहार सहित पूरे झारखंड में खुशी का माहौल है और झामुमो कार्यकर्ता इसे सामाजिक न्याय तथा संघर्ष की जीत के रूप में देख रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *