राज्यसभा सांसद निर्वाचित होने पर बैद्यनाथ राम को सीएम हेमंत सोरेन और कल्पना सोरेन ने दी बधाई
रांची: झारखंड से राज्यसभा सदस्य निर्वाचित होने के बाद झारखंड मुक्ति मोर्चा के नेता बैद्यनाथ राम ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और गांडेय विधायक कल्पना सोरेन से मुलाकात कर उनका आभार व्यक्त किया। राज्यसभा चुनाव में जीत का प्रमाण पत्र प्राप्त करने के बाद बैद्यनाथ राम सीधे कांके स्थित मुख्यमंत्री आवास पहुंचे, जहां उनका गर्मजोशी से स्वागत किया गया।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और विधायक कल्पना सोरेन ने बैद्यनाथ राम को राज्यसभा सदस्य निर्वाचित होने पर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने उनके उज्ज्वल राजनीतिक भविष्य की कामना करते हुए कहा कि बैद्यनाथ राम झारखंड के दलित, वंचित और कमजोर वर्गों की आवाज को देश की सर्वोच्च विधायी संस्था के उच्च सदन में मजबूती से उठाएंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि बैद्यनाथ राम राज्य के हितों और जनसरोकारों को प्रभावी ढंग से संसद में रखने का कार्य करेंगे।
बैद्यनाथ राम ने अपनी जीत को पार्टी नेतृत्व, गठबंधन सहयोगियों और कार्यकर्ताओं की मेहनत का परिणाम बताते हुए मुख्यमंत्री और पार्टी नेतृत्व के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि राज्यसभा में झारखंड की जनता की अपेक्षाओं और राज्य के विकास से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाने का प्रयास करेंगे।
इस दौरान लातेहार जिला अध्यक्ष मोतिनाथ शाहदेव, दीपक राम सहित झामुमो के कई नेता और कार्यकर्ता भी मौजूद थे। बैद्यनाथ राम की जीत से झामुमो कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है और पार्टी नेताओं ने इसे संगठन की एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया है।



