राज्यसभा चुनाव: एनडीए से परिमल नाथवानी और झामुमो से बैद्यनाथ राम जीते, कांग्रेस प्रत्याशी प्रणव झा हारे

रांची: झारखंड राज्यसभा चुनाव में बड़ा राजनीतिक उलटफेर देखने को मिला है। दो सीटों के लिए हुए चुनाव में एनडीए समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार परिमल नाथवानी और झामुमो प्रत्याशी बैद्यनाथ राम ने जीत दर्ज की है, जबकि कांग्रेस उम्मीदवार प्रणव झा को हार का सामना करना पड़ा। हालांकि देर शाम तक निर्वाचन आयोग की ओर से आधिकारिक घोषणा नहीं की गई थी, लेकिन मतगणना से जुड़े सूत्रों ने दोनों उम्मीदवारों की जीत की पुष्टि की है।
जानकारी के अनुसार परिमल नाथवानी को 30 वोट मिले, जिससे उनकी जीत सुनिश्चित हो गई। वहीं झामुमो के बैद्यनाथ राम भी राज्यसभा पहुंचने में सफल रहे। इस तरह राज्यसभा की दो सीटों में एक सीट झामुमो और एक सीट एनडीए के खाते में गई है। कांग्रेस के लिए यह परिणाम बड़ा झटका माना जा रहा है, क्योंकि महागठबंधन ने प्रणव झा को मैदान में उतारा था।
चुनाव परिणाम के दौरान तीन वोटों के अमान्य (इनवेलिड) होने की चर्चा भी जोरदार रही। झारखंड सरकार के वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने बताया कि तीन वोटों को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं थी और उन्हें होल्ड पर रखा गया था। बाद में इन वोटों के अमान्य होने की बात सामने आई।
सूत्रों के अनुसार महागठबंधन के भीतर ही मतदान को लेकर गड़बड़ी हुई। चर्चा है कि राजद और भाकपा-माले के विधायक पूरी तरह एकजुट नहीं रह पाए। राजनीतिक हलकों में इसे महागठबंधन के भीतर “खेला” बताया जा रहा है। माना जा रहा है कि इसी कारण कांग्रेस प्रत्याशी को नुकसान हुआ और परिमल नाथवानी को लाभ मिला।
राज्यसभा चुनाव के इस परिणाम ने झारखंड की राजनीति में नई बहस छेड़ दी है। अब सभी की नजर निर्वाचन आयोग की आधिकारिक घोषणा और इसके बाद होने वाली राजनीतिक प्रतिक्रियाओं पर टिकी हुई

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *