पंजाबी हिंदू बिरादरी ने धूमधाम से मनाई सांझी लोहड़ी, उल्लास और एकता का दिखा रंग
रांची: लाला लाजपत राय पथ ओवरब्रिज के समीप स्थित पंजाबी भवन में मंगलवार को पंजाबी हिंदू बिरादरी द्वारा सांझी लोहड़ी का भव्य आयोजन किया गया। पूरे परिसर में पारंपरिक गीत-संगीत, ढोल की थाप और उत्साह से भरा माहौल देखने को मिला। कार्यक्रम में केंद्रीय रक्षा राज्यमंत्री संजय सेठ और रांची विधायक सीपी सिंह विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
आयोजन की शुरुआत महान स्वतंत्रता सेनानी लाला लाजपत राय की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ हुई। इसके बाद अतिथियों ने लोहड़ी प्रज्वलित कर समाज के लोगों को पर्व की शुभकामनाएं दीं। उपस्थित सदस्यों ने परंपरागत रूप से लोहड़ी की परिक्रमा की और अग्नि में तिल, मूंगफली, रेवड़ी व गुड़ अर्पित कर सुख-समृद्धि की कामना की। पूरा माहौल पंजाबी संस्कृति के रंग में रंगा नजर आया।
पंजाबी हिंदू बिरादरी के प्रवक्ता अरुण चावला ने बताया कि लोहड़ी पंजाबी समाज का प्रमुख पर्व है, जो बीते वर्ष की विदाई और नई फसल के स्वागत का प्रतीक है। यह खेत-खलिहानों में आई नई उपज का उत्सव है, जिसे हम बड़े हर्षोल्लास से मनाते हैं। उन्होंने कहा कि पंजाबी जहां भी रहते हैं, वहां मेहनत और संस्कारों के साथ “नया पंजाब” बसाते हैं। झारखंड की उन्नति में पंजाबी समाज की महत्वपूर्ण भूमिका रही है और भविष्य में यह राज्य देश के अग्रणी राज्यों में शामिल होगा।
केंद्रीय रक्षा राज्यमंत्री संजय सेठ ने कहा कि लोहड़ी उमंग और खुशियों का पर्व है। नई फसल के आगमन से घर-परिवार में आनंद का वातावरण बनता है, विशेषकर गृहणियों में विशेष उत्साह देखने को मिलता है। झारखंड में पंजाबी हिंदू बिरादरी हर वर्ष इस पर्व को पूरे हर्षोल्लास के साथ मनाकर सामाजिक सौहार्द का संदेश देती है।
कार्यक्रम में सुधीर उग्गल, राजेश मेहरा, रवि पराशर, मुकुल तनेजा, छवि विरमानी, धीरज तनेजा, जवाहर तनेजा, आर.के. जुल्का, बलबीर दत्त, अशोक मिनोचा, हरगोबिंद गिरधर सहित बड़ी संख्या में समाज के लोग व महिलाएं उपस्थित रहीं, जिससे आयोजन और भी भव्य व यादगार बन गया।



