झारखंड दौरे पर पूर्णिया के सांसद पप्पू यादव, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से की शिष्टाचार मुलाकात, नववर्ष की शुभकामनाएं दीं

गणादेश,रांची : पूर्णिया लोकसभा क्षेत्र से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव शुक्रवार को झारखंड दौरे पर राजधानी रांची पहुंचे। इस दौरान उन्होंने कांके स्थित मुख्यमंत्री कार्यालय में पहुंचकर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से शिष्टाचार मुलाकात की। सांसद पप्पू यादव ने मुख्यमंत्री को पुष्पगुच्छ भेंट कर उन्हें नववर्ष की शुभकामनाएं दीं और राज्य की जनता के सुख-समृद्धि की कामना की।
मुलाकात के दौरान दोनों नेताओं के बीच केंद्र और राज्य सरकार से जुड़े कई महत्वपूर्ण जनहित के मुद्दों पर चर्चा हुई। बातचीत में क्षेत्रीय विकास, सामाजिक न्याय, रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य तथा आम लोगों से संबंधित विषयों पर विचार-विमर्श किया गया। सांसद पप्पू यादव ने सीमावर्ती क्षेत्रों से जुड़े जनसमस्याओं का भी जिक्र किया और उनके समाधान को लेकर केंद्र एवं राज्य के बीच बेहतर समन्वय की आवश्यकता पर बल दिया।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सांसद की बातों को गंभीरता से सुना और राज्य सरकार द्वारा जनकल्याण के लिए चलाए जा रहे विभिन्न कार्यक्रमों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य के सहयोग से ही विकास को गति दी जा सकती है। यह मुलाकात सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई, जिसे राजनीतिक और सामाजिक दृष्टि से अहम माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *