खूंटी–सिमडेगा मार्ग पर अज्ञात ट्रक की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत, एक गंभीर

खूंटी: सिमडेगा स्टेट हाईवे-3 पर तोरपा थाना क्षेत्र अंतर्गत डोड़मा पंचायत के चकला मोड़ के पास शुक्रवार शाम करीब 6 बजे एक भीषण सड़क दुर्घटना हुई। अज्ञात ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर तोरपा प्रखंड के उप-प्रमुख घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जानकारी तोरपा थाना पुलिस को दी। इसके बाद एंबुलेंस की मदद से दोनों घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल, खूंटी भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने एक युवक को मृत घोषित कर दिया। घायल युवक की हालत गंभीर बनी हुई है।
मृतक और घायल, दोनों की पहचान समाचार लिखे जाने तक नहीं हो सकी है। बताया जा रहा है कि दोनों युवक पल्सर आरएस मोटरसाइकिल पर सवार होकर खूंटी से तोरपा की ओर जा रहे थे, जबकि ट्रक तोरपा से खूंटी की दिशा में आ रहा था। इसी दौरान चकला मोड़ के पास आमने-सामने की टक्कर हो गई।
घटना की सूचना पर तोरपा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू कर दी है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त मोटरसाइकिल को जब्त कर लिया है तथा फरार ट्रक और उसके चालक की तलाश की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *