इंडिगो एयरलाइंस से झारखंड में एयर कनेक्टिविटी बढ़ाने को लेकर बैठक का आयोजन
रांची : फेडरेशन ऑफ झारखंड चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज़ के परिसर में इंडिगो एयरलाइंस के पूर्वी क्षेत्र के एसोसिएट डायरेक्टर प्रीतम चक्रवर्ती एवं झारखंड के सेल्स मैनेजर धीरज कुमार ने औपचारिक दौरा किया। इस अवसर पर उन्होंने रांची तथा देवघर से शुरू हो रही नई अंतरराष्ट्रीय कनेक्टिविटी पर एक विस्तृत प्रस्तुति दी। यह बताया गया कि कैसे रांची और देवघर से दिल्ली एवं मुंबई जाकर कनेक्टिंग फ्लाइट लेकर यात्री अब डाइरेक्ट मैनचेस्टर, एम्स्टर्डम, कंबोडिया, एथेंस, लंदन सहित कई अंतरराष्ट्रीय गंतव्यों तक आसानी से पहुंच सकेंगे।
चैम्बर अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा की अध्यक्षता में संपन्न हुई बैठक में कार्यक्रम का को-आर्डिनेट शैलेश अग्रवाल ने किया। बैठक के संचालन और समन्वय में सिविल उप समिति चेयरमैन श्रवण राजगढ़िया की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उन्होंने इंडिगो एयरलाइंस के एसोसिएट डायरेक्टर को एक विस्तृत प्रस्ताव भी सौंपा जिसमें झारखंड से प्रमुख शहरों के लिए नयी उड़ानें शुरू करने, बंद पड़ी सेवाओं को पुनः प्रारंभ करने, फ्लाइट टाइमिंग में सुधार, इन-फ्लाइट सुविधाओं को उन्नत करने तथा किराया संरचना को यात्रियों के अनुकूल बनाने जैसे सुझाव शामिल हैं।
चैम्बर अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा ने कहा कि झारखंड से विभिन्न राज्यों एवं महानगरों के लिए यात्रियों की संख्या लगातार बढ़ रही है, ऐसे में इंडिगो एयरलाइंस के लिए अपनी सेवाओं का विस्तार करने का बड़ा अवसर उपलब्ध है। उन्होंने रांची से जयपुर, गोवा, सूरत, रायपुर, बनारस, गुवाहाटी, अमृतसर की सीधी फ्लाइट शुरू करने रांची दिल्ली, मुंबई और रांची चेन्नई के लिए उड़ानों की समय-सारिणी में सुधार करने, देवघर एयरपोर्ट से चेन्नई, हैदराबाद और अहमदाबाद की अतिरिक्त कनेक्टिविटी शुरू करने, इन-फ्लाइट भोजन की गुणवत्ता में सुधार, ऑनबोर्ड इंटरनेट, स्ट्रेचर बुकिंग प्रक्रिया पर जागरूकता एवं एयर एम्बुलेंस सेवा जैसे सुझाव भी दिए। कार्यक्रम के को-ऑर्डिनेटर शैलेश अग्रवाल ने कहा कि झारखण्ड चैम्बर द्वारा इस विषय पर आगे भी एयरलाइन प्रबंधन और संबंधित सरकारी विभागों के साथ निरंतर संवाद बनाए रखेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि निकट भविष्य में झारखंड के लिए इंडिगो की नई उड़ान सेवाओं को स्वीकृति मिलेगी, जिससे राज्य में पर्यटन, व्यापार और औद्योगिक गतिविधियों को और बढ़ावा मिलेगा। अंतरराष्ट्रीय व घरेलू कनेक्टिविटी में सुधार से झारखंड के यात्रियों को अधिक सुविधा मिलेगी और प्रदेश की आर्थिक प्रगति को नया आयाम प्राप्त होगा।बैठक में चैम्बर उपाध्यक्ष प्रवीण लोहिया, राम बांगड़, सह सचिव रोहित पोद्दार, कोषाध्यक्ष अनिल अग्रवाल, कार्यकारिणी सदस्य मुकेश अग्रवाल, सदस्य किशन अग्रवाल, आनंद जालान, जेडी लुइस, अंकु वर्मा, साहिल केजरीवाल, संजीव पोद्दार, कौशल मित्तल, यश वर्धन राजगढ़िया, विवेक सिंघानिया, राजीव चौधरी, अरुण जोशी, शशांक भरद्वाज, महेंद्र जैन, प्रमोद चौधरी, दीपक सरावगी के अलावा इंडिगो के एयरपोर्ट मैनेजर एवं अन्य पदाधिकारी, ट्रेवल एजेंट्स उपस्थित रहे। सिंहभूम चैम्बर ऑफ कॉमर्स के प्रतिनिधियों ने भी बैठक में भाग लिया और अपने क्षेत्र के यात्रियों की मांगों से संबंधित ज्ञापन इंडिगो के अधिकारियों को सौंपा।



