घाटशिला उपचुनाव : एनडीए प्रत्याशी बाबूलाल सोरेन ने किया नामांकन, एकजुटता का प्रदर्शन
रांची : घाटशिला विधानसभा उपचुनाव को लेकर शुक्रवार को एनडीए प्रत्याशी बाबूलाल सोरेन ने अपना नामांकन दाखिल किया। नामांकन के मौके पर एनडीए ने पूरी ताकत और एकजुटता का प्रदर्शन किया। उनके साथ पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन, आजसू प्रमुख सुदेश महतो, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। एनडीए नेताओं की एक मंच पर मौजूदगी से राजनीतिक संदेश यह गया कि गठबंधन घाटशिला सीट पर मजबूती से चुनावी मैदान में उतर रहा है।
नामांकन से पूर्व बाबूलाल सोरेन अपने पैतृक गांव जिलिंगगोड़ा के जाहेरस्थान पहुंचे, जहां उन्होंने पारंपरिक वेशभूषा में पूजा-अर्चना और ध्यान किया। इसके बाद वे समर्थकों के साथ जुलूस की शक्ल में अनुमंडल कार्यालय पहुंचे। इस दौरान पूरा इलाका “एनडीए ज़िंदाबाद” और “घाटशिला में बदलाव तय” के नारों से गूंज उठा।
सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए अनुमंडल कार्यालय परिसर को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया था। समर्थकों की भारी भीड़ को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई। नामांकन के बाद बाबूलाल सोरेन ने समर्थकों के साथ मोटरसाइकिल रैली भी निकाली, जिसमें हजारों कार्यकर्ता शामिल हुए।
गौरतलब है कि घाटशिला विधानसभा उपचुनाव 11 नवंबर को होना है। इस उपचुनाव को लेकर एनडीए और झामुमो दोनों ही गठबंधन अपनी पूरी ताकत झोंक चुके हैं। घाटशिला की यह लड़ाई न सिर्फ स्थानीय सियासत बल्कि राज्य की राजनीतिक दिशा तय करने में भी अहम मानी जा रही है।



