खूंटी जिले में 21 से 28 नवंबर तक “सेवा का अधिकार सप्ताह”, डीसी आर. रॉनिटा ने लाभुकों को दिया योजनाओं का त्वरित लाभ
गणादेश,खूंटी : झारखंड सरकार के निर्देशानुसार जिले में 21 से 28 नवंबर तक “सेवा का अधिकार सप्ताह” मनाया जा रहा है। इसका उद्देश्य सरकार द्वारा अधिसूचित सेवाओं को समयबद्ध, पारदर्शी और सरल तरीके से आमजनों तक पहुंचाना है। इसी क्रम में गुरुवार को जिले के सभी प्रखंडों और पंचायतों में शिविर आयोजित किए गए, जहां विभिन्न योजनाओं से संबंधित सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई गईं।
तोरपा प्रखंड के बारकुली पंचायत शिविर का निरीक्षण उपायुक्त आर. रॉनिटा ने किया। उन्होंने ग्रामीणों से संवाद करते हुए सेवा का अधिकार अधिनियम की महत्ता बताई और विभागीय स्टॉलों की कार्यप्रणाली की समीक्षा की। डीसी ने मौके पर ही कई लाभुकों को पेंशन स्वीकृति पत्र, जाति/आवासीय/आय प्रमाण पत्र, अबुआ आवास योजना की स्वीकृति, मनरेगा जॉब कार्ड, संगठित श्रमिक कार्ड तथा आपूर्ति विभाग द्वारा धोती–साड़ी–लुंगी का वितरण किया।
शिविरों में स्वास्थ्य, शिक्षा, पेंशन, कृषि, पशुपालन, मनरेगा और प्रमाण पत्र निर्माण सहित कई विभागों द्वारा ऑन-द-स्पॉट सेवाएं प्रदान की गईं। प्राप्त शिकायतों का त्वरित निवारण किया गया तथा लंबित मामलों को समयबद्ध समाधान के लिए पंजीबद्ध किया गया।
जिलेभर के लाभुकों ने सेवा सप्ताह के आयोजन पर खुशी जताई और कहा कि इससे उन्हें आवश्यक सेवाएं एक ही स्थान पर आसानी से उपलब्ध हुईं। उपायुक्त ने सभी नागरिकों से अपील की है कि वे शिविरों में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेकर सरकारी योजनाओं का लाभ उठाएँ।



