नियोजनालय तोरपा द्वारा दत्तोपंत ठेंगड़ी रोजगार मेला सफल, 54 अभ्यर्थी चयनित, 156 शॉर्टलिस्ट
गणादेश,खूंटी : श्रम, नियोजन, प्रशिक्षण एवं कौशल विकास विभाग के तत्वावधान में नियोजनालय तोरपा द्वारा प्रखंड परिसर तोरपा में एक दिवसीय दत्तोपंत ठेंगड़ी रोजगार मेला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन जिला परिषद अध्यक्ष मसीह गुड़िया, नियोजन पदाधिकारी आनंद कुमार तथा श्रम एवं रोजगार मंत्रालय, भारत सरकार के सहायक निदेशक योगेश पारिक ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
नियोजन पदाधिकारी आनंद कुमार ने स्वागत भाषण में नियोजनालय की विभिन्न सुविधाओं तथा झार नियोजन पोर्टल पर पंजीकरण प्रक्रिया की जानकारी दी। लगभग 400 अभ्यर्थियों ने रोजगार मेला में भाग लिया। कुल 22 कंपनियों ने अपने स्टॉल लगाए, जिनमें SIS इंडिया लिमिटेड, बिलिंकिट प्राइवेट लिमिटेड, सेवा सहयोग सिक्योरिटी प्रा. लि., 2050 हेल्थ केयर और क्वांटम निट्स प्रा. लि. प्रमुख रहीं।
अतिथियों ने कंपनियों के स्टॉलों का निरीक्षण कर रिक्तियों और चयन प्रक्रिया की जानकारी ली। मौके पर कई अभ्यर्थियों को चयनित होने पर नियुक्ति पत्र भी प्रदान किए गए। रोजगार मेला में कुल 54 अभ्यर्थी चयनित किए गए, वहीं 156 अभ्यर्थियों को शॉर्टलिस्ट किया गया।
रोजगार मेला के सफल संचालन में श्री दीपक कुमार वर्मा (वाईपी) सहित नियोजनालय तोरपा एवं जिला नियोजनालय खूँटी की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।



