जेडीयू नेताओं ने बिरसा समाधि स्थल पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया नमन
रांची: भगवान बिरसा मुंडा की पर 150वीं जयंती और झारखंड राज्य के 25 वें स्थापना दिवस के अवसर पर शनिवार को रांची के कोकर स्थित भगवान बिरसा मुंडा के समाधि स्थल पर झारखंड प्रदेश जनता दल (यूनाइटेड) की ओर से पार्टी के वरिष्ठ नेता धर्मेंद्र तिवारी एवं प्रदेश महासचिव आशीष शीतल मुंडा ने श्रद्धासुमन अर्पित किया।
इस अवसर पर वरिष्ठ नेता धर्मेंद्र तिवारी ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा झारखंड की अस्मिता, संघर्ष और स्वाभिमान के प्रतीक हैं। उन्होंने जल-जंगल-जमीन की रक्षा, सामाजिक समानता और आदिवासी अधिकारों के लिए अतुलनीय त्याग किया। तिवारी ने कहा कि जनता दल (यू) उनके आदर्शों पर चलते हुए झारखंड के सर्वांगीण और न्यायपूर्ण विकास के लिए प्रतिबद्ध है। श्री तिवारी ने भगवान बिरसा मुंडा के प्रति कृतज्ञता प्रकट करते हुए कहा कि झारखण्ड भगवान बिरसा मुंडा की सदैव ऋणी रहेगी।
आशीष शीतल मुंडा ने कहा कि बिरसा मुंडा का जीवन संघर्ष राज्य के युवाओं के लिए प्रेरणा है। उन्होंने समाज के कमजोर वर्गों को संगठित कर अन्याय के विरुद्ध जो लड़ाई लड़ी, वह आज भी मार्गदर्शन देती है। उन्होंने आश्वस्त किया कि पार्टी आदिवासी समाज के अधिकार, शिक्षा, स्वास्थ्य और ग्रामीण विकास के मुद्दों पर सतत काम करती रहेगी। श्री तिवारी एवं मुंडा के साथ पार्टी पदाधिकारियों और बड़ी संख्या में उपस्थित कार्यकर्ताओं ने धरती आबा बिरसा मुंडा की प्रतिमा व समाधि स्थल पर पुष्प अर्पित कर उनके अमर योगदान को नमन किया। इस अवसर पर मिथिलेश कुमार सचिन भारती शुभम गुप्ता एवं महासचिव सोमेन दत्ता उपस्थित थे।



