चुनाव की तैयारी तेज़: भागलपुर डीएम ने अधिकारियों संग की विशेष बैठक, दिए कई अहम निर्देश

भागलपुर। बिहार विधानसभा आम निर्वाचन-2025 को लेकर भागलपुर जिला प्रशासन ने तैयारी तेज़ कर दी है। स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से शुक्रवार को जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने अपने कार्यालय कक्ष में एक उच्चस्तरीय बैठक की।

बैठक में उन्होंने मतदान प्रक्रिया को आम मतदाताओं तक सरल ढंग से पहुंचाने के लिए जागरूकता वीडियो तैयार करने का निर्देश दिया। अपर समाहर्ता (विधि व्यवस्था) सह नोडल पदाधिकारी, प्रशिक्षण कोषांग को यह जिम्मेदारी सौंपी गई है। विशेष रूप से PWD वोटर्स, युवा मतदाता और वरिष्ठ नागरिकों के लिए अलग-अलग लघु वीडियो बनाए जाएंगे, ताकि हर वर्ग तक मतदान की जानकारी स्पष्ट रूप से पहुंच सके।

EPIC वितरण की समीक्षा के दौरान उप निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि पोस्ट ऑफिस के माध्यम से मतदाता पहचान पत्रों का वितरण जारी है। इस पर जिलाधिकारी ने डाक अधीक्षक को वितरण की दैनिक रिपोर्ट उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।

इसके साथ ही भवन निर्माण विभाग को डिस्पैच सेंटर और काउंटिंग सेंटर कैंपस की तैयारी तुरंत पूरी करने के आदेश दिए गए। डीएम ने कहा कि “मतदान कर्मियों और अभ्यर्थियों के एजेंटों को यह स्पष्ट होना चाहिए कि उन्हें कहां और कब पहुंचना है।”

डिस्पैच सेंटर पर मतदाताओं और कर्मियों की सुविधा के लिए सुधा डेयरी का स्टॉल, CCTV कैमरे और साउंड सिस्टम लगाए जाने की भी योजना बनाई गई है। जिलाधिकारी ने सभी विभागों से इसकी समय पर समीक्षा और रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा।

बैठक में अपर समाहर्ता (विधि व्यवस्था), अपर समाहर्ता (लोक शिकायत निवारण) सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *