छठ पर्व की तैयारियों में जुटा प्रशासन, डीएम ने किया घाटों का निरीक्षण, आपदा टीम को हाई अलर्ट पर रहने का निर्देश
भागलपुर। महा पर्व छठ के नजदीक आते ही भागलपुर जिला प्रशासन पूरी तरह से सक्रिय हो गया है। शुक्रवार को जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने शहर के विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को साफ-सफाई, सुरक्षा तथा सुविधा से जुड़े तमाम जरूरी निर्देश दिए।
डीएम के साथ इस मौके पर नगर आयुक्त शुभम कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी सदर विकास कुमार और नगर पुलिस उपाधीक्षक अजय कुमार चौधरी मौजूद थे। अधिकारियों की टीम ने चम्पा नाला, बूढ़ानाथ घाट, एसएम कॉलेज घाट सहित शहरी इलाके के प्रमुख छठ पूजा स्थलों और काली प्रतिमा विसर्जन स्थलों का बारीकी से निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने नगर निगम को स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी घाटों की सफाई कार्य समय पर और पूरी तरह से किया जाए। उन्होंने कहा कि “कहीं भी कीचड़ या गंदगी की स्थिति नहीं होनी चाहिए। व्रतियों के आने-जाने का रास्ता समतल और सुरक्षित होना चाहिए।”
डीएम ने खतरनाक घाटों को चिह्नित कर बैरिकेडिंग करने का आदेश दिया, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना से बचा जा सके। उन्होंने जलस्तर के घटने के बाद घाटों को समतल करने और रेत जमाव को हटाने के निर्देश भी दिए।
डीएम डॉ. चौधरी ने बताया कि सभी घाटों पर चेंजिंग रूम, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था और शुद्ध पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है। उन्होंने कहा कि व्रतियों और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए नगर निगम और आपदा प्रबंधन की टीम लगातार निगरानी में रहेगी।
जिलाधिकारी ने एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमों को सतर्क रहने का निर्देश दिया है। खतरनाक घाटों पर प्रशिक्षित गोताखोरों की तैनाती की जाएगी। साथ ही पुलिस बलों की भी पर्याप्त व्यवस्था रहेगी ताकि भीड़भाड़ वाले इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त रखी जा सके।
डीएम ने बताया कि सभी छठ पूजा समितियों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की जाएगी, ताकि स्थानीय स्तर पर उठने वाली जरूरतों या समस्याओं का समाधान समय रहते किया जा सके। उन्होंने श्रद्धालुओं से अपील की कि प्रशासन के निर्देशों का पालन करें और पर्व को शांति, श्रद्धा और सामूहिक सौहार्द के साथ मनाएं।
जिला प्रशासन की ओर से यह भी स्पष्ट किया गया है कि ड्रोन कैमरों और पेट्रोलिंग टीमों के जरिये घाटों की निगरानी की जाएगी। नगर निगम की सफाई टीमों को 24 घंटे अलर्ट मोड पर रखा गया है। भागलपुर जिला प्रशासन छठ पर्व को लेकर पूरी तरह तैयार है न सिर्फ घाटों की सफाई और सुरक्षा पर जोर है, बल्कि आपदा प्रबंधन से लेकर प्रकाश व्यवस्था तक हर मोर्चे पर योजनाबद्ध तैयारी जारी है, ताकि व्रतियों को मिले स्वच्छ, सुरक्षित और श्रद्धामय वातावरण।



