एसीबी की बड़ी कार्रवाई, सिटी एसपी के रीडर सुनील पासवान दस हजार रुपये घूस लेते रंगे हाथ गिरफ्तार

रांची : झारखंड में भ्रष्टाचार पर नकेल कसने के अभियान के तहत भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने गुरुवार को एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। एसीबी की टीम ने रांची सिटी एसपी के रीडर सुनील पासवान को दस हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया।
सूत्रों के अनुसार, एक व्यक्ति का मामला सिटी एसपी कार्यालय में लंबित था, जिसके निपटारे के नाम पर रीडर सुनील पासवान ने उससे घूस की मांग की थी। व्यक्ति ने रिश्वत देने से इंकार करते हुए पूरे मामले की शिकायत एसीबी से कर दी। शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने मामले का सत्यापन कराया। सत्यापन में रिश्वत मांगने की बात सही पाई गई, जिसके बाद टीम ने जाल बिछाया और योजना के तहत आरोपी रीडर को पकड़ने की तैयारी की।
गुरुवार को तय स्थान पर जैसे ही सुनील पासवान ने दस हजार रुपये की रिश्वत ली, एसीबी की टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए उसे रंगे हाथ दबोच लिया। गिरफ्तारी के बाद उसे एसीबी कार्यालय लाया गया, जहां उससे पूछताछ जारी है।
एसीबी सूत्रों के मुताबिक, गिरफ्तारी के बाद आरोपी के आवास और कार्यालय से संबंधित दस्तावेजों की भी जांच की जा रही है। इस कार्रवाई के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। माना जा रहा है कि एसीबी आने वाले दिनों में इस मामले से जुड़े अन्य लोगों से भी पूछताछ कर सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *