हेमंत सरकार ने पिछड़ा समाज से किया विश्वासघात : आदित्य साहू
गणादेश,जमशेदपुर: भाजपा के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद आदित्य साहू ने झामुमो-कांग्रेस-राजद गठबंधन सरकार पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि हेमंत सोरेन सरकार ने राज्य के पिछड़ा वर्ग के साथ विश्वासघात किया है। जमशेदपुर के होटल दयाल इंटरनेशनल में आयोजित प्रेस वार्ता में उन्होंने कहा कि सरकार की नीति और नीयत में भारी अंतर है।
साहू ने कहा कि विधानसभा चुनाव के दौरान झामुमो-कांग्रेस ने पिछड़ों को 27% आरक्षण देने का वादा किया था, परंतु सत्ता में आने के बाद वादा पूरा नहीं किया। 14 अक्टूबर को ट्रिपल टेस्ट के आधार पर आरक्षण निर्धारण के समय सरकार मात्र 14% पर रुक गई, जिससे इसकी नीयत उजागर हो गई। उन्होंने कहा कि कोर्ट के दबाव में ही ट्रिपल टेस्ट की प्रक्रिया पूरी की गई, अन्यथा पंचायत चुनाव बिना पिछड़ा आरक्षण के ही करा दिए गए थे।
साहू ने कांग्रेस पर भी निशाना साधते हुए कहा कि उसने वर्षों तक मंडल कमीशन की रिपोर्ट को ठंडे बस्ते में रखा। वहीं भाजपा सरकार ने पिछड़ा वर्ग आयोग को संवैधानिक दर्जा देकर सम्मान दिया। उन्होंने कहा कि हेमंत सरकार ने हर वर्ग के साथ धोखा किया है और अब उसका जनविरोधी चेहरा पूरी तरह उजागर हो गया है।



