आईआईएम में पंचायती राज प्रतिनिधियों का 5 दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम जारी

गणादेश,रांची : भारत सरकार के पंचायती राज मंत्रालय के सहयोग से भारतीय प्रबंधन संस्थान में राज्य के विभिन्न जिलों के प्रखंड प्रमुख एवं उप-प्रमुखों के लिए 5 दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। इस प्रशिक्षण का उद्देश्य पंचायत प्रतिनिधियों को आधुनिक प्रबंधन, प्रशासनिक दक्षता, और जनहित में विकास योजनाओं के क्रियान्वयन की व्यवहारिक जानकारी देना है।इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में झारखण्ड राज्य के अनेक जिलों के प्रतिनिधि भाग ले रहे हैं, जिनमें खूँटी जिले के मुरहू प्रखंड के उप-प्रमुख अरुण कुमार साबू भी शामिल हैं। उन्होंने बताया कि आईआईएम राँची में अनुभवी प्रोफेसरगण अत्यंत उत्कृष्ट तरीके से प्रशिक्षण दे रहे हैं। यहाँ पर रहने और भोजन की उत्तम व्यवस्था की गई है। सुबह 9:30 बजे से शाम 5:30 बजे तक नियमित रूप से कक्षाएँ संचालित की जा रही हैं, जिनमें पंचायत और प्रखंड स्तर पर विकास योजनाओं की रूपरेखा, संसाधनों के प्रबंधन, जनभागीदारी बढ़ाने के उपाय, और पारदर्शिता के महत्व पर विशेष रूप से ज्ञान दिया जा रहा है। यह प्रशिक्षण हमारे लिए अत्यंत उपयोगी है, जिससे हम अपने क्षेत्र में विकास कार्यों को और प्रभावी ढंग से लागू कर सकेंगे।”प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को विभिन्न विषयों पर विशेषज्ञों द्वारा मार्गदर्शन दिया जा रहा है, जैसे –स्थानीय प्रशासन और सुशासन के सिद्धांत,वित्तीय प्रबंधन और संसाधनों का सदुपयोग,जनहित योजनाओं का क्रियान्वयन एवं मॉनिटरिंग,महिला सशक्तिकरण और सामाजिक समावेशिता,नवाचार और तकनीकी उपयोग के माध्यम से ग्रामीण विकास है।

वहीं आईआईएम  राँची के प्रोफेसरों ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य पंचायत स्तर पर नेतृत्व क्षमता को सशक्त बनाना है, ताकि स्थानीय जनप्रतिनिधि विकास योजनाओं को जनता की आवश्यकताओं के अनुरूप ढाल सकें और ग्रामीण भारत को आत्मनिर्भर बनाने में अपनी भूमिका को और मज़बूत करें।कार्यक्रम के समापन पर प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र भी प्रदान किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *