सांसद कालीचरण मुंडा मिले मुख्य सचिव अविनाश कुमार से, जल्द निकलेगा पेलौल पुल का टेंडर
गणादेश,खूंटी: संसदीय क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं और विकास कार्यों को लेकर शुक्रवार को खूंटी के सांसद कालीचरण मुंडा ने झारखंड के मुख्य सचिव अविनाश कुमार से मुलाकात की। इस दौरान सांसद ने क्षेत्र की सड़कों, पुलों और रोजगार सृजन से जुड़ी प्रमुख समस्याओं पर चर्चा की।सांसद ने बताया कि बैठक में मुख्य रूप से खूंटी-तोरपा-कोलेबिरा पथ के आठवें किलोमीटर पर बनई नदी के ऊपर बने पेलौल पुल के ध्वस्त होने से उत्पन्न परिस्थितियों और तमाड़ विधानसभा क्षेत्र के सलगाडीह से चामडीह/उलीलोहर (16.200 किमी) सड़क मार्ग की जर्जर स्थिति को लेकर विस्तार से बातचीत हुई।
उन्होंने मुख्य सचिव को अवगत कराया कि पुल टूट जाने और सड़क की खराब स्थिति के कारण स्थानीय लोगों को आवागमन में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। इस पर मुख्य सचिव ने आश्वासन दिया कि दो से तीन दिनों के अंदर पेलौल पुल का टेंडर जारी कर दिया जाएगा, वहीं सलगाडीह-चामडीह/उलीलोहर सड़क मार्ग का टेंडर भी शीघ्र निकाला जाएगा।सांसद कालीचरण मुंडा ने कहा कि बैठक के दौरान अन्य विकासात्मक मुद्दों पर भी सकारात्मक बातचीत हुई है और सरकार क्षेत्र की समस्याओं के समाधान के प्रति गंभीर है।



