जनगणना 2027 को लेकर मुरहू में कार्यशाला, हर घर तक पहुंच सुनिश्चित करने पर जोर
खूंटी :मुरहू प्रखण्ड सभागार में भारत की जनगणना 2027 के अंतर्गत मकान सूचीकरण एवं आवास गणना को लेकर एक महत्वपूर्ण कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रखण्ड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) रंजीत कुमार सिन्हा ने की। इस दौरान जनप्रतिनिधियों और पंचायत कर्मियों को गणना कार्य की रूपरेखा एवं जिम्मेदारियों की विस्तार से जानकारी दी गई।
कार्यशाला को संबोधित करते हुए बीडीओ ने कहा कि जनगणना एक अत्यंत महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है, इसलिए यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी घर गणना से वंचित न रहे। इसके लिए माइक्रो लेवल पर योजना बनाकर मानचित्र के माध्यम से प्रगणकों को प्रशिक्षण दिया जा चुका है। उन्होंने सभी कर्मियों से जिम्मेदारी और गंभीरता के साथ कार्य करने की अपील की।
उप प्रमुख अरुण कुमार साबू ने कहा कि जनप्रतिनिधियों की भूमिका इस कार्य में अहम है। उन्होंने बताया कि चूंकि गणना OTP के माध्यम से की जानी है, इसलिए वार्ड सदस्य लोगों को इसके प्रति जागरूक करें। साथ ही उन्होंने सुझाव दिया कि ग्राम प्रधानों को विस्तृत जानकारी देकर गांव-गांव में प्रचार-प्रसार सुनिश्चित किया जाए।
संसद प्रतिनिधि धर्मदास कंडीर ने ग्रामीण क्षेत्रों में ऑटो के माध्यम से माइकिंग कर जनगणना के प्रति जागरूकता बढ़ाने का प्रस्ताव रखा, जिस पर बीडीओ ने सहमति जताते हुए तत्काल इसे लागू करने की बात कही।
कार्यक्रम में प्रमुख ऐलिस ओड़या, जिला परिषद सदस्य नेलानी देमता, दयामनी मुंडू, मुखियागण, पंचायत सचिव सहित अन्य कर्मी उपस्थित रहे। अंत में आम लोगों से अपील की गई कि वे सही जानकारी देकर जनगणना कार्य को सफल बनाने में सहयोग करें।



