खूंटी में अंतर्राष्ट्रीय मजदूर दिवस धूमधाम से मनाया गया, मजदूरों के हक पर हुई चर्चा
खूंटी : अंतर्राष्ट्रीय मजदूर दिवस के अवसर पर खूंटी में असंगठित कामगार मोटिया मजदूर किसान संघ के तत्वावधान में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता संघ के अध्यक्ष सयूम अंसारी ने की, जिसमें बड़ी संख्या में मजदूरों और किसानों की भागीदारी रही।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि डालसा के सहायक एलएडीसी श्री अमरदीप कुमार ने मजदूरों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि मजदूरों के हक के लिए आवाज बुलंद करना जरूरी है और उनके हितों की रक्षा के लिए निरंतर प्रयास होना चाहिए। वहीं, डालसा के अधिवक्ता श्री मदन कुमार गंजू ने मजदूर दिवस के इतिहास पर प्रकाश डालते हुए बताया कि 1 मई को यह दिवस अमेरिका में 8 घंटे कार्य दिवस की मांग को लेकर हुए आंदोलन की याद में मनाया जाता है, जहां मजदूरों पर दमन करते हुए गोलियां चलाई गई थीं।
विशिष्ट अतिथि वार्ड 9 के पार्षद विनय नायक ने कहा कि रिक्शा चालक और मोटिया मजदूर अपनी शारीरिक मेहनत से जीवनयापन करते हैं, लेकिन उन्हें उनके श्रम का उचित मूल्य नहीं मिल पाता है। उन्होंने सरकार से मजदूरों को अधिक से अधिक लाभ पहुंचाने की मांग की।
अध्यक्ष सयूम अंसारी ने बताया कि 1 मई 1886 को अमेरिका में हुए ऐतिहासिक आंदोलन के बाद पूरे विश्व में मजदूर दिवस मनाया जाता है। कार्यक्रम के दौरान रेजा-कुली मजदूरों को अंगवस्त्र, गमछा और गंजी देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के तहत डाक बंगला खूंटी से एक विशाल जुलूस निकाला गया, जो नेताजी चौक, ऊपर चौक, पेट्रोल पंप होते हुए भगत सिंह चौक से वापस डाक बंगला परिसर पहुंचा, जहां कार्यक्रम का समापन हुआ।
इस दौरान संगठन के कई पदाधिकारियों की घोषणा भी की गई, जिसमें हरीश हसन उर्फ राजा को रांची जिला अध्यक्ष बनाया गया। मौके पर धर्मेंद्र मांझी, विक्रम महतो, आनंद कोंगडी, डेविड हमसोए समेत सैकड़ों की संख्या में मजदूर और किसान उपस्थित रहे।



