किसानों को सही दाम और बाजार उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता : शिल्पी नेहा तिर्की
गणादेश,रांची : झारखंड की कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने कहा कि किसानों के उत्पाद को सही दाम और उचित बाजार उपलब्ध कराना सरकार की शीर्ष प्राथमिकता है। किसानों को बिचौलियों से मुक्ति दिलाने और बाजार समितियों को सुदृढ़ बनाने के लिए कृषि विभाग जल्द ही एक मानक संचालन प्रक्रिया तैयार करेगा।
उन्होंने यह बातें नेपाल हाउस, रांची में आयोजित राज्य की 28 बाजार समितियों, चैंबर ऑफ कॉमर्स, प्रगतिशील किसानों, एफपीओ और विभागीय अधिकारियों के साथ हुई बैठक में कही। बैठक में बाजार समितियों की आय-व्यय स्थिति, उनकी समस्याएं और बाजार व्यवस्था में सुधार के उपायों पर चर्चा हुई।
मंत्री ने कहा कि किसानों को अपने उत्पाद बेचने के अधिक विकल्प मिलने चाहिए, ताकि उन्हें बेहतर लाभ मिल सके। उन्होंने बाजार समिति परिसर में मूलभूत सुविधाओं, सुरक्षा, कोल्ड स्टोरेज, गोदाम निर्माण और ई-नाम पोर्टल के जरिए ऑनलाइन बिक्री को बढ़ावा देने पर जोर दिया।
शिल्पी नेहा तिर्की ने कहा कि किसानों को ई-नाम पोर्टल की ट्रेनिंग देकर उन्हें आधुनिक बाजार प्रणाली से जोड़ा जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार सिर्फ लोकप्रियता के लिए नहीं, बल्कि लोकहित में ठोस निर्णय लेने के लिए काम करती है।
इस अवसर पर मार्केटिंग बोर्ड के अध्यक्ष रविंद्र सिंह, सचिव अबू बक्कर सिद्दीखी, कृषि निदेशक भोर सिंह यादव, एमडी जीशान कमर और चैंबर ऑफ कॉमर्स के पदाधिकारी उपस्थित थे। बैठक में किसानों के हित में कई महत्वपूर्ण सुझाव रखे गए।



