बीजेपी महानगर ने नए प्रदेश कार्यकारी आदित्य साहू का किया नागरिक अभिनंदन, सोरेन सरकार पर बोला हमला
गणादेश,रांची: प्रदेश भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष आदित्य साहू का शनिवार को भाजपा महानगर कार्यालय में नागरिक अभिनंदन किया गया। कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं से उनका जोरदार स्वागत किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महानगर अध्यक्ष वरुण साहू ने की।
मौके पर विधायक सी.पी. सिंह ने कहा कि अभी तो यह झांकी है, असली खेल बाकी है। उन्होंने संगठन में और बड़े बदलाव की संभावना जताई। कार्यक्रम में पूर्व महानगर अध्यक्ष सत्यनारायण सिंह, रमेश सिंह सहित कई नेता मौजूद रहे। वहीं महानगर बीजेपी नेता रमेश सिंह ने आदित्य साहू को बधाई दी। साथ ही कहा कि भाजपा में कोई भी आम कार्यकर्ता अपनी मेहनत के बल ऊंचा मुकाम हासिल कर सकता है। यही वह पार्टी है जिसमें कोई भेदभाव नहीं है।
गरीबी से निकला, कार्यकर्ताओं का सम्मान मेरी पहचान : अपने संबोधन में आदित्य साहू ने कहा कि वे हमेशा कार्यकर्ता की तरह काम करते रहे हैं। उन्होंने याद किया कि 1980 में पर्ची काटने से उनकी राजनीतिक यात्रा शुरू हुई थी। बूथ, मंडल और जिला संगठन से गुजरते हुए वे प्रदेश पदाधिकारी, राज्यसभा सांसद और अब कार्यकारी अध्यक्ष बने हैं।
साहू ने कहा कि मैं गरीबी और अभाव की जिंदगी से निकला हूं। कभी दलाली नहीं की, न किसी से एक रुपया मांगा। भाजपा ने मुझे सम्मान दिया और यह सम्मान कार्यकर्ताओं का है।”
सोरेन सरकार को घेरा :आदित्य साहू ने हेमंत सोरेन सरकार पर कड़ा प्रहार करते हुए कहा, “यह सरकार युवा, महिला और किसान विरोधी है। अटल जी के सपनों को धूल झोंकने का काम किया गया है। जनता का धन लूटने वालों को जेल भेजना ही भाजपा का संस्कार है।”
उन्होंने दावा किया कि बाबूलाल मरांडी के नेतृत्व में भाजपा आने वाले समय में राज्य में सत्ता में लौटेगी और जनता का सच्चे अर्थों में कल्याण करेगी। इस अवसर पर निवर्तमान वार्ड पार्षद अरुण कुमार झा,मनोज मिश्रा,लक्ष्मीकांत दीक्षित सहित कई बीजेपी के नेता मौजूद थे।



