खादगढ़ा मार्केटिंग कॉम्प्लेक्स के दुकानदारों का व्यापार प्रभावित, अतिक्रमण और डंपिंग यार्ड हटाने की मांग
गणादेश,रांची : आरआरडीए के बिरसा बस स्टैंड खादगढ़ा मार्केटिंग कॉम्प्लेक्स के करीब 115 दुकानदारों का व्यापार इस समय बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। दुकानदारों का आरोप है कि अवैध अतिक्रमण और पुलिस प्रशासन की लापरवाही के कारण उनकी दुकानों पर ग्राहक नहीं पहुंच पा रहे हैं, जिससे उनके परिवार की आजीविका संकट में पड़ गई है।
दुकानदारों ने बताया कि कॉम्प्लेक्स के सामने ग्राहकों के आने-जाने के लिए छोड़ी गई जगह पर कुछ शरारती तत्वों ने अवैध रूप से बस स्टैंड बना लिया है। यहां बसों का पड़ाव होने से ग्राहकों का मार्ग अवरुद्ध हो गया है। यही नहीं, खाली भूखंड में स्थानीय थाना द्वारा जब्त की गई गाड़ियां, मोटरसाइकिल और स्कूटर खड़े कर डंपिंग यार्ड बना दिया गया है। इससे कॉम्प्लेक्स परिसर में भीड़भाड़ और गंदगी बढ़ गई है और दुकानदारी पर प्रतिकूल असर पड़ा है।
दुकानदारों का कहना है कि यह भूखंड आरआरडीए द्वारा ग्राहकों की सुविधा और कॉम्प्लेक्स की गतिविधियों को सुचारू बनाने के उद्देश्य से छोड़ा गया था, लेकिन अवैध कब्जे और डंपिंग यार्ड के कारण अब इसका स्वरूप पूरी तरह बदल गया है।
दुकानदारों की प्रमुख मांगें
- अवैध बस स्टैंड एवं सभी अतिक्रमण को तत्काल हटाया जाए।
- पुलिस थाना का डंपिंग यार्ड अन्यत्र स्थानांतरित किया जाए।
- खाली भूखंड को लोहे की ग्रिल और बड़े गेट से घेरा जाए।
- कॉम्प्लेक्स में पेबल स्टोन टाइलें बिछाई जाएं और जल निकासी की व्यवस्था हो।
आरआरडीए दुकानदार कल्याण महासंघ के अध्यक्ष आनंद कोठारी, वरीय उपाध्यक्ष प्रेम कुमार सिंह, महामंत्री मोहम्मद शमीम, उपाध्यक्ष अजय खाका और संयुक्त महामंत्री अब्दुल कादिर ने संयुक्त रूप से जिला प्रशासन से अविलंब कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि सभी दुकानदार अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और अल्पसंख्यक वर्ग से आते हैं। करीब 40 साल पहले आरआरडीए ने उनकी आजीविका के लिए यह दुकानें आवंटित की थीं और तब से वे नियमित रूप से किराया जमा कर रहे हैं।महासंघ ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही अतिक्रमण नहीं हटाया गया तो वे आंदोलन करने को बाध्य होंगे।


