चंद्रशेखर आजाद दुर्गा पूजा समिति के पट अनावरण से दुर्गोत्सव का भव्य शुभारंभ, भजन संध्या में झूमे श्रद्धालु

गणादेश,रांची : राजधानी रांची के हृदयस्थली मुख्य मार्ग पर स्थित चंद्रशेखर आजाद दुर्गा पूजा समिति के पूजा पट अनावरण व उद्घाटन समारोह का आयोजन गुरुवार को बड़े ही पारंपरिक तरीके से किया गया। केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने फीता काटकर और नारियल फोड़कर दुर्गोत्सव का शुभारंभ किया। इस अवसर पर समिति के अध्यक्ष रमेश सिंह, पदाधिकारी, सदस्य और शहर के कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
इस वर्ष समिति ने अपने पंडाल को “जीवन एक चक्र – जन्म से मृत्यु तक का सफर” थीम पर तैयार किया है। थीम के माध्यम से जीवन के विभिन्न पड़ावों का सजीव चित्रण किया गया है। साथ ही आकर्षक लाइटिंग और भव्य सजावट ने पंडाल को और भी मनमोहक बना दिया है। पंडाल का दृश्य देखते ही श्रद्धालु और आगंतुक मंत्रमुग्ध हो रहे हैं।
पट अनावरण के साथ ही समिति द्वारा आयोजित सांस्कृतिक भजन संध्या का भी शुभारंभ हुआ। इस अवसर पर प्रसिद्ध भजन गायक प्रमोद प्रेमी, अनामिका जैन, नेहा निष्ठा, सोना सिंह, जूही पांडे, राजनंदनी, ज्योति सिंह और पवन बिहारी ने अपनी प्रस्तुति दी। कलाकारों की मधुर भजनों की धुन से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। उपस्थित श्रद्धालु भजनों में डूबकर झूमने लगे और देर रात तक कार्यक्रम स्थल पर धार्मिक उत्साह बना रहा।
समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि आने वाले दिनों में भी दुर्गोत्सव के दौरान विभिन्न सांस्कृतिक और धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन होगा, जिसमें रांचीवासियों को विविधता भरे भक्ति और सांस्कृतिक अनुभव प्राप्त होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *