विद्यार्थियों को मानसिक रूप से सशक्त बनाने के लिए परामर्श एवं करियर मार्गदर्शन शिविर

रांची : कॉस्मोस यूथ क्लब चैरिटेबल ट्रस्ट, रांची की ओर से विद्यार्थियों को मानसिक रूप से सशक्त बनाने और उनके करियर को लेकर मार्गदर्शन देने के उद्देश्य से पारसनाथ पब्लिक स्कूल, राजनगर, हजाम में मानसिक स्वास्थ्य एवं परामर्श शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में कक्षा 11वीं और 12वीं के विद्यार्थियों ने भाग लिया।

कार्यक्रम में क्लिनिकल मनोवैज्ञानिक डॉ. रेनू गहलोत (आरसीआई), एम.फिल. (सीआईपी, रांची) ने विद्यार्थियों को परीक्षा के तनाव, पढ़ाई में मन नहीं लगना, एकाग्रता की कमी, आत्मविश्वास बढ़ाने, सकारात्मक सोच और लक्ष्य निर्धारण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर सरल एवं व्यवहारिक तरीके से मार्गदर्शन दिया।

उन्होंने कहा कि परीक्षा के दौरान विद्यार्थियों को तनाव से बचने के लिए पढ़ाई की नियमित दिनचर्या बनानी चाहिए। समय प्रबंधन, नियमित अभ्यास, सकारात्मक सोच और मानसिक संतुलन बनाए रखने से पढ़ाई में बेहतर परिणाम हासिल किए जा सकते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को अपनी क्षमताओं को पहचानकर लक्ष्य निर्धारित करने और उसे हासिल करने के लिए निरंतर प्रयास करने की सलाह दी।

ट्रस्ट की ओर से कहा गया कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में मानसिक स्वास्थ्य की महत्वपूर्ण भूमिका है। संस्था भविष्य में भी मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता, करियर मार्गदर्शन और सामाजिक उत्थान से जुड़े जनहितकारी कार्यक्रमों का आयोजन करती रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *