रिनपास शताब्दी समारोह : सीएम ने किया टेली मेंटल हेल्थ सेवा का शुभारंभ100 वर्षों की गौरवशाली यात्रा पर डाक टिकट व स्मारिका जारी, विशेषज्ञों ने दिए व्याख्यान
रांची : झारखंड का प्रमुख मानसिक स्वास्थ्य संस्थान रांची तंत्रिका मनोचिकित्सा एवं संबद्ध विज्ञान संस्थान (रिनपास) अपनी स्थापना का शताब्दी वर्ष मना रहा है। इस अवसर पर गुरुवार को भव्य समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
कार्यक्रम में केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ, राज्य के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी, कांके विधायक सुरेश कुमार बैठा, पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय और कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर समेत कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। समारोह का शुभारंभ दीप प्रज्वलन से किया गया।
इस मौके पर सीएम हेमंत सोरेन ने टेली मेंटल हेल्थ (वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग) सेवा और डिजिटल एकेडमी का शुभारंभ किया। साथ ही रिनपास पर विशेष डाक टिकट, डॉक्यूमेंट्री और स्मारिका भी जारी की गई। समारोह में संस्थान के पूर्व निदेशक और प्राध्यापकों को सम्मानित किया गया।
तकनीकी सत्र में देश-विदेश से जुटे मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने अपने विचार रखे। इंग्लैंड के नेशनल हेल्थ साइंसेज के डिप्टी मेडिकल डायरेक्टर डॉ. नीरज प्रसाद सिन्हा ने “रोडमैप ऑफ साइकियाट्री – पास्ट, प्रेजेंट एंड फ्यूचर” विषय पर व्याख्यान प्रस्तुत किया। इसके अलावा निमहांस बेंगलुरु के प्रो. देवव्रत कुमार, तेजपुर की प्रो. सोनिया पी देउरी, आईएचबीएएस दिल्ली के पूर्व निदेशक डॉ. निमेश जी देसाई और फ्रांस की डॉ. जूली गलैंड समेत कई विशेषज्ञों ने भी संबोधित किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वतंत्रता से पहले 1925 में स्थापित रिनपास ने लगातार समाज की सेवा की है। आज मानसिक स्वास्थ्य सबसे बड़ी चुनौती है और आने वाले समय में इस संस्थान की भूमिका और भी महत्वपूर्ण होगी। उन्होंने रिनपास के विकास की विस्तृत समीक्षा का आश्वासन दिया।
स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि पुराने भवन को तोड़कर रिनपास को हाईटेक और एआई-सम्पन्न सुविधाओं से लैस किया जाएगा। वहीं अपर मुख्य सचिव स्वास्थ्य अजय कुमार सिंह ने कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद संस्थान ने 100 वर्षों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं।



