सुल्तानगंज – कटोरिया रेल लाइन पर दौड़ेगी विकास की रेल, शिव भक्तों को बड़ी सौगात

भागलपुर। शिवभक्तों के लिए खुशखबरी है! अब सुल्तानगंज से बाबा बैद्यनाथ धाम, देवघर तक की यात्रा आसान होने वाली है। भारतीय रेल ने सुल्तानगंज – कटोरिया नई रेल लाइन पर काम शुरू करने का फैसला लिया है। ये परियोजना न केवल इलाके की सूरत बदलेगी, बल्कि करोड़ों शिवभक्तों की श्रद्धा यात्रा को भी सरल बना देगी।

इस 74.8 किलोमीटर लंबी लाइन में असरगंज, तारापुर, बेलहर, श्रीनगर और सूयाबथान जैसे कई ग्रामीण कस्बे जुड़ेंगे। अब तक जिन गांवों के लोग सिर्फ रोडवेज़ के भरोसे थे, उन्हें भी रेल का तोहफा मिलेगा।कटोरिया को जंक्शन स्टेशन के रूप में विकसित किया जाएगा, जिससे यह बांका – जसीडीह रेलखंड के साथ-साथ सुल्तानगंज से भी सीधे जुड़ जाएगा। अब जल भरने वाले श्रद्धालुओं को 131 किलोमीटर की लंबी यात्रा नहीं करनी पड़ेगी, नई रेल लाइन के बनने से दूरी घटकर सिर्फ 101 किलोमीटर रह जाएगी।

रेल मंत्रालय के नवीनतम आकलन के अनुसार, इस परियोजना पर लगभग 1261 करोड़ रुपये खर्च होंगे। लेकिन इसका लाभ अमूल्य होगा। हर साल लाखों शिवभक्त बिना किसी परेशानी के जल चढ़ाने देवघर पहुंच सकेंगे।

इस रेल लाइन का बनना न केवल धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देगा, बल्कि स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार, व्यापार और क्षेत्रीय कनेक्टिविटी में भी क्रांति लाएगा। अब बस इंतजार है उस दिन का, जब पहली ट्रेन सुल्तानगंज से कटोरिया होते हुए भोलेनाथ के भक्तों को उनकी मंज़िल तक पहुंचाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *