लंदन फैशन वीक 2025 में भारतीय डिजाइनर डॉ. ख्याति मुंजाल का जलवा, पहली बार अंतरराष्ट्रीय रैम्प पर सजी ‘डॉकड़ा कला’
रांची गणादेश : भारतीय फैशन डिजाइनर और उद्यमी डॉ. ख्याति मुंजाल ने लंदन फैशन वीक 2025 में अपनी शानदार प्रस्तुति से देश का मान बढ़ाया। यह मंच उन्हें फैशन वीक एण्ड दी सिटी से आमंत्रण पर मिला, जो न्यूयॉर्क, लंदन, मिलान, पेरिस और दुबई जैसे फैशन हब्स में हाई-प्रोफाइल शो आयोजित करने के लिए जाना जाता है।
डॉ. मुंजाल के कलेक्शन में इंडो-वेस्टर्न और कंटेम्पररी डिज़ाइन की ऐसी झलक देखने को मिली, जिसने पारंपरिक भारतीय परिधान को आधुनिक अंतरराष्ट्रीय डिज़ाइन भाषा से जोड़ा। साड़ियां, ड्रेप्स और फ्यूजन गारमेंट्स को नए सिल्हूट्स के साथ पेश किया गया, जिससे भारतीय सौंदर्य और वेस्टर्न स्टाइल का अनूठा संगम नजर आया।
इस शो की सबसे बड़ी खासियत रही झारखंड की पारंपरिक ‘डॉकड़ा कला’ की प्रस्तुति। डॉ. मुंजाल ने बारीक मेटल वर्क को कपड़ों की डिज़ाइनिंग में इस तरह पिरोया कि यह कला पहली बार अंतरराष्ट्रीय फैशन रैम्प पर चमक उठी। इस पहल ने भारत की जनजातीय हस्तकला को वैश्विक फैशन जगत में नई पहचान दी।
अपनी इस उपलब्धि पर डॉ. ख्याति मुंजाल ने कहा लंदन फैशन वीक जैसे प्रतिष्ठित मंच पर भारत की समृद्ध हस्तकला को प्रस्तुत करना मेरे लिए एक सपना पूरा होने जैसा है। डॉकड़ा आर्ट हमारी धरोहर है और इसे दुनिया तक पहुंचाना मेरा सम्मान है। यह केवल एक शो नहीं, बल्कि भारत की सांस्कृतिक विरासत का उत्सव था।”
डॉ. मुंजाल की प्रस्तुति ने यह साबित कर दिया कि भारतीय फैशन अब केवल एक ट्रेंड नहीं, बल्कि एक वैश्विक मूवमेंट बन चुका है। उनके संग्रह ने न सिर्फ फैशन प्रेमियों को मंत्रमुग्ध किया, बल्कि अंतरराष्ट्रीय खरीदारों, डिजाइनर्स और मीडिया को भी यह संदेश दिया कि भारत की कला और डिज़ाइन आज की वैश्विक जरूरतों को पूरा करने में पूरी तरह सक्षम है।
लंदन फैशन वीक 2025 में डॉ. मुंजाल की भागीदारी भारतीय डिजाइन इंडस्ट्री के लिए एक मील का पत्थर साबित हुई। यह सिर्फ उनके करियर की उपलब्धि नहीं, बल्कि भारत की रचनात्मकता, शिल्प और आत्मविश्वास का अंतरराष्ट्रीय मंच पर भव्य उत्सव था।



