रांची में अद्भुत पहल : श्रद्धालुओं और पंडाल का हुआ बीमा, 25 सितम्बर को सीएम करेंगे उद्घाटन

गणादेश,रांची : राजधानी रांची में इस बार दुर्गापूजा का रंग-रूप खास होने जा रहा है। जिला स्कूल मैदान में बन रहा पूजा पंडाल न सिर्फ अपने भव्य स्वरूप के लिए बल्कि सुरक्षा की अनोखी पहल के कारण भी चर्चा का केंद्र बना हुआ है। यहां आने वाले श्रद्धालुओं और पूरे पंडाल—दोनों का एक-एक करोड़ रुपये का बीमा कराया गया है।
रामलला पूजा समिति की ओर से करीब एक करोड़ रुपये की लागत से बन रहा यह पंडाल गुजरात के भुज स्थित राधा स्वामी मंदिर के स्वरूप पर आधारित है। इसे और आकर्षक बनाने के लिए यहां जर्मन हेंगर, लेजर शो, आधुनिक झूले और लजीज व्यंजनों की विशेष व्यवस्था की गई है। समिति ने सिर्फ पंडाल बीमा के लिए 61 हजार रुपये का प्रीमियम जमा किया है। आयोजन के दौरान किसी अप्रिय घटना की स्थिति में श्रद्धालुओं को मुआवजा देने की जिम्मेदारी नेशनल इंश्योरेंस कंपनी की होगी।समिति के कोषाध्यक्ष प्रकाश धेलिया ने कहा कि हर साल भक्तों को कुछ नया देने का प्रयास किया जाता है। पिछले वर्ष रामलला मंदिर का स्वरूप पंडाल में दिखाया गया था, वहीं इस बार राधा स्वामी मंदिर की झलक देखने को मिलेगी। उनका दावा है कि यह पंडाल पूरे झारखंड में सबसे अलग और नंबर वन होगा। उन्होंने कहा कि झारखण्ड में यह पहली बार हो रहा है जहां पूजा पंडाल के साथ साथ भक्तो का भी बीमा कराया गया है.
इस पंडाल का उद्घाटन 25 सितम्बर को मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन करेंगे। इससे एक दिन पहले 24 सितम्बर की रात डांडिया नाइट का आयोजन होगा, जिसके लिए लोगों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है।समिति अध्यक्ष अशोक चौधरी ने बताया कि उद्घाटन कार्यक्रम में मंत्री कुणाल आजमानी, प्रेम चंद्र श्रीवास्तव समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *