रांची में डिफेंस एक्सपो का आगाज़, राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने किया उद्घाटन
21 सितंबर तक टाना भगत इंडोर स्टेडियम में लगेगा रक्षा प्रदर्शनी मेला, युवाओं में बढ़ेगा देशभक्ति का जज्बा
गणादेश, रांची:राजधानी रांची के खेलगांव स्थित टाना भगत इंडोर स्टेडियम में शुक्रवार को डिफेंस एक्सपो का शुभारंभ राज्यपाल संतोष गंगवार और मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर प्रमुख रक्षा अध्यक्ष (सीडीएस) जनरल अनिल चौहान, पूर्वी कमान के कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल आरसी तिवारी तथा केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री अजय सेठ भी मौजूद रहे। तीन दिवसीय यह प्रदर्शनी 21 सितंबर तक चलेगी। पहले ही दिन एक्सपो को देखने बड़ी संख्या में लोग पहुंचे।
जनरल अनिल चौहान ने अपने संबोधन में कहा कि भारत की रक्षा शक्ति बड़ी है। आज मेक इन इंडिया के तहत भारत रक्षा उत्पादन का निर्यात कर रहा है। उन्होंने ऑपरेशन सिंदूर की सफलता की चर्चा की।
केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री अजय सेठ ने कहा कि इस एक्सपो का मुख्य उद्देश्य युवाओं में देशभक्ति की भावना को जागृत करना और उन्हें रक्षा सेवाओं की ओर आकर्षित करना है। उन्होंने कहा कि आजकल युवा मेडिकल और इंजीनियरिंग क्षेत्रों की ओर अधिक जा रहे हैं, जबकि सेना जैसे गौरवपूर्ण क्षेत्र में भी बड़ी संभावनाएं हैं। उन्होंने बताया कि एक्सपो के अंतिम दिन राजधानी के स्कूली बच्चों को विशेष रूप से प्रदर्शनी दिखाने की व्यवस्था की गई है।
झारखंड में मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने कहा कि झारखंड में रक्षा क्षेत्र को मजबूत बनाने की अपार संभावनाएं मौजूद हैं। यहां यूरेनियम जैसे महत्वपूर्ण खनिज हैं, जो परमाणु ऊर्जा और रक्षा क्षेत्र में उपयोगी हैं। उन्होंने कहा कि राज्य में लगने वाले उद्योगों से देश की रक्षा शक्ति को मजबूती मिल सकती है।
सीएम ने रांची स्थित एचईसी (HEC) का जिक्र करते हुए कहा कि यह कारखाना कभी भारत की सबसे बड़ी औद्योगिक धरोहरों में से एक था, जिसने उपग्रह से लेकर परमाणु ऊर्जा क्षेत्र तक में अहम योगदान दिया। लेकिन अफसोस की बात है कि आज यह उद्योग हाशिये पर चला गया है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार नये और छोटे-बड़े उद्योगों को प्रोत्साहित कर रही है और इस पहल को आगे बढ़ाएगी।
राज्यपाल संतोष गंगवार ने कहा कि यह प्रदर्शनी केवल रक्षा उत्पादन का प्रदर्शन नहीं, बल्कि भारत की आत्मनिर्भरता और आत्मविश्वास का प्रतीक है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मेक इन इंडिया’ अभियान के तहत भारत आज रक्षा उत्पादन का बड़ा निर्यातक बन चुका है और 92 देशों तक अपने रक्षा उत्पाद भेज रहा है।
उन्होंने चंद्रयान-3 की सफलता, आदित्य एल-1 मिशन और ‘ऑपरेशन सिंधु’ का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत वैश्विक मंच पर नयी ताकत बनकर उभर रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह प्रदर्शनी पूर्वी भारत में औद्योगिक विकास को गति देगी और युवाओं को नए अवसर उपलब्ध कराएगी।
क्या है खास?
तीन दिनों तक चलेगा डिफेंस एक्सपो।
झारखंड और देशभर से युवाओं और विद्यार्थियों की बड़ी संख्या में भागीदारी।
रक्षा उपकरण, तकनीक और ‘मेक इन इंडिया’ पहल से जुड़े उत्पादों का प्रदर्शन।
बच्चों और युवाओं में देशभक्ति व स्वदेशी के प्रति जागरूकता बढ़ाने का प्रयास।



