फिलिस्तीन जिंदाबाद’ की रील बनाना पड़ा भारी, चार युवक गिरफ्तार, विदेशी झंडा स्टेशन पर लहराने की साजिश बेनकाब
भागलपुर। पिछले दिनों रेलवे स्टेशन जैसे हाई-सिक्योरिटी जोन में ‘फिल्मी रील’ बनाने की सनक ने चार युवकों को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया। सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो ने भागलपुर पुलिस को सक्रिय कर दिया और नतीजा – फिलिस्तीनी झंडा लहराने व नारेबाजी करने वाले चार युवकों की पहचान कर उन्हें दबोच लिया गया।क्या है पूरा मामला?
बीते शुक्रवार को एक वीडियो सोशल मीडिया पर आग की तरह फैला, जिसमें कुछ युवक भागलपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर-1 पर “फिलिस्तीन जिंदाबाद” के नारे लगाते और विदेशी झंडा लहराते नजर आ रहे थे। एक युवक तो पार्सल सामान पर चढ़कर झंडा फहराते दिखा। वीडियो की टाइमिंग और लोकेशन देखकर सुरक्षा एजेंसियों के होश उड़ गए।पुलिस की फुर्ती से पकड़े गए आरोपी:वीडियो सामने आते ही एसएसपी हृदयकांत ने मामले की गंभीरता को भांपते हुए जांच का जिम्मा सिटी एसपी शुभांक मिश्रा को सौंपा। तकनीकी सेल और अनुसंधान टीम की मदद से सोमवार सुबह चारों युवकों को हबीबपुर थाना क्षेत्र के चमेलीचक से धर दबोचा गया।
गिरफ्तार आरोपी – उम्र कम, हरकतें गंभीर
गिरफ्तार युवकों की पहचान मुहम्मद अरमान, मुहम्मद सानू, मुजम्मिल और मुहम्मद जावेद के रूप में हुई है। सभी की उम्र करीब 19 से 20 वर्ष के बीच है। इनके पास से विदेशी झंडा और तीन मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।
रेल पुलिस को सौंपी गई जांच
चारों युवकों को कानूनी कार्रवाई के लिए राजकीय रेल पुलिस (GRP) के हवाले कर दिया गया है। जीआरपी थानाध्यक्ष उमेश प्रसाद के अनुसार, आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि इस घटना के पीछे कोई संगठित साजिश तो नहीं।
रेलवे की सुरक्षा पर उठे सवाल
घटना के वक्त RPF और GRP दोनों की मौजूदगी के बावजूद प्लेटफॉर्म पर इस तरह की देशविरोधी गतिविधि होना सुरक्षा व्यवस्था पर बड़ा सवाल है। स्टेशन अधीक्षक विनय प्रकाश ने भी जीआरपी थाना में इस बाबत प्राथमिकी दर्ज कराई है।



