नशा युवा शक्ति का सबसे बड़ा दुश्मन, इससे दूर रहकर बनाएं उज्ज्वल भविष्य : बीके राजीव भाईजी
राघोपुर (सुपौल)। पॉलिटेक्निक कॉलेज, राघोपुर में प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय, सिमराही-राघोपुर के तत्वावधान में “नशा मुक्त भारत अभियान” के अंतर्गत भव्य जागरूकता एवं प्रेरणादायी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रधानाचार्य प्रो. अजय कुमार सिंह, ब्रह्माकुमारीज़ सिमराही-राघोपुर की क्षेत्र प्रभारी राजयोगिनी बविता दीदी, मोटिवेशनल स्पीकर बीके राजीव भाईजी, किशोर भाईजी तथा अन्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के लगभग 400 छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों ने भाग लिया। मुख्य वक्ता बीके राजीव भाईजी ने कहा कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य, शिक्षा, परिवार, चरित्र और भविष्य को बर्बाद कर देता है। यदि युवा अपने लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित करें, सकारात्मक सोच अपनाएँ और राजयोग मेडिटेशन को जीवन का हिस्सा बनाएँ, तो वे हर प्रकार के नशे से सहज रूप से दूर रह सकते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से नशामुक्त भारत के निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षा राजयोगिनी बविता दीदी ने अपने आशीर्वचन में कहा कि आज का युवा यदि आध्यात्मिक मूल्यों को अपनाकर आत्मबल बढ़ाए, तो कोई भी बुरी आदत उसे प्रभावित नहीं कर सकती। उन्होंने विद्यार्थियों को व्यसनमुक्त, संस्कारवान एवं चरित्रवान जीवन जीने की प्रेरणा दी।
इस अवसर पर प्रो. भानोप्रिया मैम, बीके किशोर भाईजी, बीके पूजा बहन, बीना बहन, सोहानी बहन सहित महाविद्यालय के सभी शिक्षकगण उपस्थित रहे। कार्यक्रम का कुशल संचालन बीके किशोर भाईजी ने किया, जबकि अंत में प्रधानाचार्य प्रो. अजय कुमार सिंह ने सभी अतिथियों एवं ब्रह्माकुमारीज़ परिवार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापन दिया।
कार्यक्रम के समापन पर सभी छात्र-छात्राओं ने नशामुक्त जीवन अपनाने तथा समाज को नशामुक्त बनाने में अपना सक्रिय योगदान देने का संकल्प लिया।


