16 अगस्त से 20 सितंबर तक ज़मीन दस्तावेज़ों में त्रुटियों का होगा घर-घर समाधानभागलपुर में राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग का विशेष अभियान शुरू

भागलपुर। ज़मीन से जुड़े दस्तावेज़ों में त्रुटियों के समाधान के लिए भागलपुर जिला प्रशासन ने एक विशेष अभियान की शुरुआत की है। 16 अगस्त से 20 सितंबर तक चलने वाले इस अभियान के तहत राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग की टीमें घर-घर जाकर दस्तावेज़ों की जांच करेंगी और आवश्यक सुधार करेंगी।

इस अभियान के तहत वे सभी लोग लाभान्वित होंगे जिनके ज़मीन संबंधी काग़ज़ात में नाम, पिता का नाम, खाता संख्या, खेसरा, केवाला या अन्य किसी प्रकार की त्रुटि है। इसके अलावा, जिनकी जमाबंदी अब भी उनके पूर्वजों के नाम पर दर्ज है, उनकी समस्याओं का भी निपटारा किया जाएगा।

जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने आज इस योजना के प्रचार-प्रसार हेतु ई-रिक्शा (प्रचार रथ) को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने कहा कि यह पहल आम लोगों को सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत दिलाएगी और दस्तावेज़ों में सुधार की प्रक्रिया को सरल व तेज़ बनाएगी।

इस अवसर पर अपर समाहर्ता दिनेश राम, वरीय उप समाहर्ता (प्रभारी सामान्य शाखा) मिथिलेश प्रसाद सिंह सहित अन्य संबंधित पदाधिकारीगण उपस्थित थे।

सरकार का उद्देश्य है कि हर नागरिक को सही और अद्यतन भूमि अभिलेख उपलब्ध हो, जिससे भविष्य में किसी प्रकार के विवाद से बचा जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *