श्राद्धकर्म में पहुंचे सीएम, डिप्टी सीएम, मंत्री के परिवार के साथ साझा किया दुख

प्रदीप विद्रोही,भागलपुर:सियासत की गहमागहमी से दूर शुक्रवार को भागलपुर के तेलघी गांव में संवेदना और श्रद्धा का माहौल था। पथ निर्माण मंत्री ई. कुमार शैलेन्द्र के पिता स्व. डॉ. केएन सिंह के श्राद्धकर्म में शामिल होने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी स्वयं पहुंचे। उन्होंने दिवंगत डॉ. केएन सिंह के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और शोकाकुल परिवार के बीच पहुंचकर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।
मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर खरीक प्रखंड के तेलघी गांव में बनाए गए अस्थायी हेलीपैड पर उतरा। उनके आगमन को लेकर प्रशासन की ओर से विशेष व्यवस्था की गई थी। हेलीपैड से उतरने के बाद मुख्यमंत्री सीधे मंत्री ई. कुमार शैलेन्द्र के आवास पहुंचे। वहां उन्होंने दिवंगत डॉ. केएन सिंह के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया। इसके बाद मंत्री और उनके परिवार के सदस्यों से मुलाकात कर इस कठिन समय में धैर्य बनाए रखने की बात कही और दुख की घड़ी में साथ खड़े रहने का भरोसा जताया।
श्राद्धकर्म में मुख्यमंत्री के साथ उपमुख्यमंत्री विजय चौधरी, कृषि मंत्री विजय सिन्हा और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी भी मौजूद रहे। भागलपुर के विधायक रोहित पांडेय समेत कई जनप्रतिनिधियों और गणमान्य लोगों ने भी स्व. डॉ. केएन सिंह को श्रद्धासुमन अर्पित किए।
कार्यक्रम में शामिल लोगों ने दिवंगत आत्मा के प्रति श्रद्धा व्यक्त करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी संवेदना प्रकट की। मंत्री के आवास पर पहुंचे नेताओं और जनप्रतिनिधियों ने परिवार के सदस्यों से मुलाकात कर दुख की इस घड़ी में उनके साथ खड़े रहने का संदेश दिया।
श्राद्धकर्म में शामिल होने और परिजनों से मुलाकात के बाद मुख्यमंत्री अस्थायी हेलीपैड पहुंचे। वहां से हेलीकॉप्टर के जरिए पटना के लिए रवाना हो गए। मुख्यमंत्री के आगमन से लेकर प्रस्थान तक प्रशासनिक अधिकारी और सुरक्षा बल मुस्तैद रहे। गांव में उनके दौरे को लेकर सुरक्षा और आवागमन की विशेष व्यवस्था की गई थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *