लक्ष्मी नारायण प्लस टू उच्च विद्यालय में इंटर हाउस रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन
खूंटी: विद्यार्थियों में सामाजिक, सांस्कृतिक एवं पर्यावरणीय चेतना विकसित करने के उद्देश्य से लक्ष्मी नारायण प्लस टू उच्च विद्यालय में इंटर हाउस रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विद्यालय के चारों सदनों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और रंगोली के माध्यम से विभिन्न सामाजिक एवं सांस्कृतिक विषयों को रचनात्मक ढंग से प्रस्तुत किया।
प्रतियोगिता में ग्रीन हाउस (स्वर्णरेखा नदी) ने प्रथम, रेड हाउस (शंख नदी) ने द्वितीय, ब्लू हाउस (कोयल नदी) ने तृतीय तथा येलो हाउस (दामोदर नदी) ने चतुर्थ स्थान प्राप्त किया।
कार्यक्रम का अवलोकन श्योर सक्सेस कोचिंग सेंटर के संस्थापक-सह-निदेशक एवं शिक्षक सकलदीप भगत ने विद्यालय के प्राचार्य प्रमोद कुमार सिंह के साथ किया। उन्होंने विद्यार्थियों की कलात्मक प्रतिभा, रचनात्मकता और विषयों की प्रभावशाली प्रस्तुति की सराहना की।
रंगोली के माध्यम से विद्यार्थियों ने सामाजिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं, रीति-रिवाजों और लोकाचार के महत्व को रेखांकित किया। साथ ही समाज में प्रचलित बुरी आदतों एवं कुरीतियों के प्रति लोगों को जागरूक रहने का संदेश भी दिया।
इस अवसर पर विद्यार्थियों की सहभागिता और रचनात्मक अभिव्यक्ति की सराहना करते हुए सकलदीप भगत ने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं बच्चों में कला, रचनात्मक सोच और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।



