नवगछिया के श्रेयांश का शूटिंग में धमाल, 25 मीटर पिस्टल में जीता स्वर्ण पदक

भागलपुर। नवगछिया के होनहार निशानेबाज श्रेयांश ने 35वीं बिहार राज्य स्तरीय शूटिंग प्रतियोगिता में अपने शानदार प्रदर्शन से न सिर्फ स्वर्ण पदक हासिल किया, बल्कि नवगछिया, भागलपुर और पूरे बिहार का नाम रोशन किया। यह प्रतियोगिता 1 अगस्त से 6 अगस्त तक पटना स्थित साकेत सिंह शूटिंग अकादमी में आयोजित की गई थी।

नवगछिया बाजार निवासी तथा नवगछिया नगर परिषद की उपसभापति रश्मि रथी एवं पार्षद अजय कुमार उर्फ प्रमोद यादव के पुत्र श्रेयांश ने 25 मीटर पिस्टल स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतकर सभी का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया। इसके अलावा उन्होंने 25 मीटर स्टैंडर्ड स्पोर्ट्स इवेंट में भी स्वर्ण पदक अपने नाम किया, जबकि सेंटर फायर इवेंट में एक रजत और एक कांस्य पदक भी जीते।

श्रेयांश की इस उपलब्धि पर अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ी जेम्स फाइटर ने उन्हें बधाई देते हुए कहा कि इस युवा निशानेबाज में राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व करने की पूरी क्षमता है। उन्होंने बताया कि श्रेयांश इस समय दिल्ली स्थित डॉ. करणी सिंह शूटिंग अकादमी में उच्चस्तरीय प्रशिक्षण ले रहे हैं और उनकी नजर अब राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट्स पर है।

श्रेयांश ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, प्रशिक्षकों और शुभचिंतकों को देते हुए कहा कि उन्होंने दिन-रात कड़ी मेहनत की है और आगे भी लक्ष्य सिर्फ एक – देश के लिए पदक जीतना – बना हुआ है।

पदक जीतने पर उन्हें बधाई देने वालों में किशनदेव प्रसाद यादव, अंतरराष्ट्रीय ताइक्वांडो खिलाड़ी जेम्स फाइटर, नवगछिया खेल संघ के अध्यक्ष रामदेव यादव, जिला ताइक्वांडो महासचिव घनश्याम प्रसाद, गौतम यादव, डॉ. गोपाल भारती, शिक्षाविद राम कुमार साहू, सुमित साहू, कंचन सिंह, सुबोध कुमार सहित कई गणमान्य लोग शामिल हैं।

नवगछिया के इस युवा प्रतिभा की सफलता ने जिले के खेल प्रेमियों और युवाओं को नई प्रेरणा दी है। उम्मीद है कि श्रेयांश आने वाले वर्षों में अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का परचम लहराएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *