466 करोड़ से बदलेगी रिम्स की तस्वीर, 10 नए विभाग खुलेंगे; PG और सुपर स्पेशियलिटी सीटें बढ़ाने की तैयारी

रांची:राजधानी रांची स्थित राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान को आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं से लैस करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी की अध्यक्षता में गुरुवार को आयोजित रिम्स की 66वीं गवर्निंग बॉडी की बैठक में करीब 466 करोड़ रुपये की विकास योजना समेत 16 एजेंडों पर चर्चा हुई। बैठक में नए विभागों की स्थापना, चिकित्सा शिक्षा के विस्तार, कर्मचारियों की नियुक्ति और सुरक्षा व्यवस्था में सुधार से जुड़े प्रस्तावों पर निर्णय लिया गया।
योजना के तहत रिम्स में मेडिकल गैस्ट्रोएंटरोलॉजी, एंडोक्राइनोलॉजी, इमरजेंसी मेडिसिन, न्यूक्लियर मेडिसिन समेत 10 नए विभाग स्थापित करने की पहल होगी। वहीं, स्नातकोत्तर (पीजी) की सीटें 176 से बढ़ाकर 256 और सुपर स्पेशियलिटी की सीटें 11 से बढ़ाकर 150 करने के लिए प्रस्ताव भेजा जाएगा। गंभीर मरीजों के उपचार के लिए 200 से अधिक वेंटिलेटर उपलब्ध कराने तथा अल्ट्रासाउंड, इको और एक्स-रे जैसी जांच सुविधाओं के विस्तार पर भी जोर दिया गया।
मरीजों की बढ़ती संख्या को देखते हुए 106 नए नर्स पद सृजित करने और 12 हॉस्पिटल मैनेजर नियुक्त करने की पहल की जाएगी। आयुष्मान भारत और मुख्यमंत्री जन आरोग्य योजना के लाभुकों की सहायता के लिए 100 आयुष्मान मित्रों की नियुक्ति का निर्देश दिया गया है। इसके लिए 15 दिनों के भीतर विज्ञापन जारी करने को कहा गया।
बैठक में बर्न वार्ड के विकास, लिफ्ट दुरुस्त करने, मोक्ष वाहन की सुविधा और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने पर भी चर्चा हुई। इसके अलावा फैकल्टी के पद 319 से बढ़ाकर 335 करने तथा पारदर्शिता के लिए स्थायी समितियों की संख्या पांच से बढ़ाकर 10 करने का प्रस्ताव है।
स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह ने कहा कि रिम्स को राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था का मजबूत केंद्र बनाना जरूरी है। मंत्री डॉ. अंसारी ने अधिकारियों को योजनाओं पर समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश देते हुए कहा कि लक्ष्य मरीजों को बेहतर और गुणवत्तापूर्ण इलाज उपलब्ध कराना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *