मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने नेमरा में सुनीं लोगों की समस्याएं, छह वर्षीय बच्चे के इलाज के लिए तत्काल दिए 10 लाख रुपये
रांची: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने अपने पैतृक गांव नेमरा में आमजनों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और उनके समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। अपनी दिवंगत माता स्व. रूपी सोरेन के श्राद्धकर्म के सिलसिले में नेमरा में मौजूद मुख्यमंत्री से मिलने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं। लोग अपनी समस्याओं और जरूरतों से उन्हें अवगत करा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने सभी की बातें गंभीरता से सुनीं और उनके आवेदनों को स्वीकार करते हुए त्वरित कार्रवाई का निर्देश दिया।
इसी क्रम में मुख्यमंत्री ने रामगढ़ जिले के बेराटांड़ स्थित भरेच नगर निवासी रामकिशुन बेसरा के छह वर्षीय पुत्र अनूप बेसरा के इलाज के लिए 10 लाख रुपये का चेक प्रदान किया। अनूप के कान के इलाज के लिए यह आर्थिक सहायता मुख्यमंत्री गंभीर बीमारी उपचार योजना के तहत चिकित्सा अनुदान के रूप में दी गई। जिला प्रशासन ने आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी कर महज 48 घंटे के भीतर सहायता उपलब्ध कराई।
जानकारी के अनुसार, अनूप का इलाज तमिलनाडु के क्रिश्चियन मेडिकल कॉलेज, वेल्लौर में चल रहा है। चिकित्सकों ने उसके सुनने से संबंधित आंतरिक अंग (इनर ईयर) को बदलने की सलाह दी है। इलाज में काफी खर्च आने के कारण परिवार आर्थिक संकट का सामना कर रहा था। इसी परेशानी को लेकर अनूप के पिता रामकिशुन बेसरा ने पिछले दिनों नेमरा में मुख्यमंत्री से मुलाकात कर आर्थिक मदद की गुहार लगाई थी।
मुख्यमंत्री ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक प्रक्रिया जल्द पूरी करने का निर्देश दिया। इसके बाद रामगढ़ जिला प्रशासन ने तत्परता दिखाते हुए सभी औपचारिकताएं पूरी कीं और अनूप के परिवार को 10 लाख रुपये का चेक सौंप दिया।
आर्थिक सहायता मिलने पर रामकिशुन बेसरा ने मुख्यमंत्री के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि इस मदद से उनके बेटे के इलाज में काफी सहयोग मिलेगा।


