कांग्रेस विधायक दल की बैठक, मानसून सत्र में एसआईआर के विरोध का प्रस्ताव लाने का निर्णय

रांची : प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में गुरुवार को कांग्रेस विधायक दल की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने की। इस अवसर पर विधायक दल के नेता प्रदीप यादव, उप नेता राजेश कच्छप, मंत्री राधाकृष्ण किशोर, विधायक नमन विकसल कौनगाड़ी, रामचंद्र सिंह और मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की मौजूद रहे।बैठक में आगामी एक अगस्त से शुरू हो रहे विधानसभा के मानसून सत्र को लेकर पार्टी की रणनीति पर विस्तृत चर्चा हुई। विधायकों ने कहा कि सदन के भीतर विपक्षी दलों के सवालों का जवाब मजबूती और तथ्यों के साथ दिया जाएगा। कांग्रेस विधायक दल के नेता प्रदीप यादव ने कहा कि सदन में विपक्ष द्वारा उठाए गए सभी मुद्दों का सत्तापक्ष प्रभावी ढंग से उत्तर देगा। साथ ही उन्होंने घोषणा की कि मानसून सत्र में एसआईआर (State Integrated Registry) का मुद्दा प्रमुख रूप से उठाया जाएगा और झारखंड में इसे लागू नहीं होने दिया जाएगा।कांग्रेस विधायक दल के उप नेता राजेश कच्छप ने कहा कि पार्टी राज्यहित से जुड़े मुद्दों पर पूरी मजबूती के साथ खड़ी है। उन्होंने बताया कि एसआईआर के विरोध के साथ-साथ सरना धर्म कोड लागू करने, एससी-एसटी का आरक्षण बढ़ाने और अन्य जनहितकारी विषयों को भी सदन में जोरदार तरीके से उठाया जाएगा।बैठक में सर्वसम्मति से तय हुआ कि विधानसभा में एसआईआर का विरोध करने के लिए औपचारिक प्रस्ताव लाया जाएगा, ताकि इस विषय पर व्यापक बहस हो सके और इसे खारिज करने की दिशा में ठोस कदम उठाए जा सकें। कांग्रेस विधायकों ने एकमत होकर कहा कि एसआईआर राज्य की जनता के हित में नहीं है और इसे किसी भी सूरत में लागू नहीं होने दिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *