मतदाताओं को जागरूक करने खूंटी में चलाया गया जागरूकता कार्यक्रम

खूंटी : आगामी पंचायत चुनाव में मतदाताओं को शत प्रतिशत हिस्सेदारी के लिए जागरूक बनाने को लेकर हस्ताक्षर अभियान चलाया गया।

इस दौरान स्थानीय लोगों के बीच 19 मई(द्वितीय चरण) को होने वाले त्रिस्तरीय पंचायत(आम) निर्वाचन में मतदान करने की अपील की। साथ ही आम जनमानस से बिना किसी प्रलोभन के पारदर्शिता के साथ अपने मत का प्रयोग करने की अपील की। मतदान जन- जन का अधिकार है। लोकतंत्र के इस पर्व को सफल बनाने के लिए सभी मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर साफ एवं स्वच्छ छवि के जनप्रतिनिधि चुने।

इसके साथ ही प्रखण्ड स्तर पर जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक कर उन्हें पंचायत चुनाव को लेकर अपने क्षेत्र के मतदाताओं को जागरूक करने हेतु प्रेरित किया गया। साथ ही निर्वाचन से सम्बंधित आवश्यक जानकारियां उपलब्ध कराई गई।

कार्यक्रम के तहत कौशल विकास केंद्र, खूंटी में उपस्थित सभी युवाओं ने मतदाता जागरूकता शपथ ग्रहण किया।

मतदाता जागरूकता के दौरान बताया गया कि स्वस्थ लोकतंत्र निर्माण के लिए भयमुक्त होकर मतदान करें। लोगों को बताया गया कि लोकतांत्रिक प्रणाली के तहत देश के प्रत्येक व्यस्क नागरिक को वोट देने का अधिकार है। संविधान द्वारा प्रदत सभी अधिकारों में यह सबसे बड़ा अधिकार है।
इसके साथ ही इस दौरान बताया गया कि  मतदान एकमात्र ऐसा साधन है जिससे देश की जनता स्वयं अपने देश का विकास निर्धारित कर सकती है। मत देने की शक्ति से वह अपने देश की बागडोर संभालने के लिए उनकी नजर में योग्य व्यक्ति को खुद चुन सकते हैं। बताया गया कि व्यक्ति का मत अनमोल है। इस दौरान जागरूक मतदाता के कर्तव्यों का पूर्ण पालन करने व सशक्त लोकतंत्र के निर्माण में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *