गणना प्रपत्र तैयार करने में सहयोग कर रही हैं जीविका दीदियां
भागलपुर। जीविका दीदियां बूथ स्तर पर मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के बारे में सभी योग्य मतदाताओं को जागरूक कर रही हैं। इसके अलावा मतदाता सूची में नाम जुड़वाने हेतु प्रपत्र भरने एवं इसके साथ संलग्न किये जाने वाले आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी देने के साथ ही भरे गए प्रपत्र के संग्रहण में भी पूर्ण सहयोग प्रदान कर रही हैं।
दरअसल मुख्य निर्वाचन आयुक्त के निर्देशानुसार जिले में मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। इस कार्य के ससमय निष्पादन हेतु जीविका दीदियां एवं सामुदायिक संगठन कार्यकर्ताओं द्वारा पूर्ण सहयोग प्रदान किया जा रहा है। इसके तहत समूह से जुड़े परिवारों को आवश्यक दस्तावेजों के साथ प्रपत्र भरकर बी0एल0ओ के पास जमा कराया जा रहा है।
प्रभारी जिला परियोजना प्रबंधक अभिषेक कुमार ने बताया कि जिले में 1842 सामुदायिक संगठन कार्यकर्ताओं को विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के बारे में प्रशिक्षित किया गया है। इन्हें प्रपत्र भरने तथा आवश्ययक दस्तावेजों की जानकारी दी गई है, जिससे वे योग्य मतदाताओं को आसानी से प्रपत्र भरकर जमा करवा सकें। उन्होंने कहा कि अगले तीन दिन में सभी घरों से प्रपत्र भरकर संग्रहित कर लिया जाएगा।
इस्माईलपुर प्रखंड के परबत्ता पंचायत में सामुदायिक उत्प्रेरक (सीएम) के रूप में कार्य करने वाली निशा कुमारी मतदाता सूची में नाम जोड़ने हेतु प्रपत्र संग्रहित करने हेतु जीविका समूह से जुड़े सभी परिवारों के घर पहुंच रही है। वह कहती है कि एक दिन पहले ही सभी घरों को प्रपत्र देकर उन्हें आवश्यक दस्तावेज के बारे में जानकारी दी गई थी। आज सभी घरों से प्रपत्र एकत्र कर रह बीएलओ के साथ बैठकर इसकी जांच कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सही प्रपत्र रहने पर इसे बीएलओ के पास जमा करवा रहे हैं। इसके बाद इन सभी प्रपत्रों को बीएलओ ऐप पर अपलोड किया जा रहा है।
उल्लेखनीय है कि मुख्य चुनाव आयुक्त के निर्देश के आलोक में जिले में विशेष गहन मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। इसके लिए सभी विभागों के कर्मियों एवं कार्यकर्ताओं को इस अभियान के बारे में प्रशिक्षित किया गया है। विशेष गहन मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान के तहत 25 जून से 26 जुलाई तक तक घर-घर सर्वेक्षण का कार्य किया जाएगा। वहीं ड्राफ्ट मतदाता सूची का प्रकाशन आगामी 1 अगस्त को किया जाएगा। दावे एवं आपत्तियाँ दाखिल करने की अवधि 1 अगस्त से 1 सितंबर तक निर्धारित की गई है। वहीं अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 30 सितंबर को किया जाना है।



