रजरप्पा मंदिर जा रहे श्रद्धालुओं की स्कॉर्पियो दुर्घटनाग्रस्त, 13 की मौत

रांची: रामगढ़ जिले में रांची-पटना मुख्य मार्ग पर शनिवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में 13 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों में चार बच्चे और चार महिलाएं शामिल हैं। वहीं, हादसे में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, बिहार के नालंदा जिले के जंघारो गांव के 14 लोग स्कॉर्पियो में सवार होकर मां छिन्नमस्तिका मंदिर, रजरप्पा में पूजा-अर्चना करने जा रहे थे। इसी दौरान रामगढ़ के पैंकी इलाके में रविवार तड़के करीब दो बजे उनकी स्कॉर्पियो की एक अज्ञात वाहन से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कॉर्पियो के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला।
इस हादसे में 13 लोगों की मौत हो गई, जिनमें चार मासूम बच्चे और चार महिलाएं शामिल हैं। वहीं, एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल बताया जा रहा है। सभी मृतक बिहार के नालंदा जिले के जंघारो गांव के निवासी थे।
हादसे की सूचना मिलते ही रामगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। क्षतिग्रस्त वाहन से लोगों को बाहर निकाला गया। घायल को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। फिलहाल दुर्घटना में शामिल अज्ञात वाहन की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *