महापौर रोशनी खलखो ने जरूरतमंदों के बीच कंबल वितरण किया, आगे भी जारी रहेगा राहत अभियान
राँची। बढ़ती ठंड को देखते हुए जरूरतमंदों को राहत पहुँचाने के उद्देश्य से राँची की महापौर श्रीमती रोशनी खलखो ने आज वार्ड संख्या 38 अंतर्गत जगन्नाथपुर स्थित कुष्ठ कॉलोनी में कंबल वितरण कार्यक्रम की शुरुआत की। इस दौरान जरूरतमंद लोगों के बीच कंबल वितरित किए गए।कार्यक्रम में उपमहापौर श्री नीरज कुमार, स्थानीय वार्ड पार्षद श्री अवधेश ठाकुर, श्री उमेश तिवारी सहित कई स्थानीय गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

महापौर श्रीमती रोशनी खलखो ने कहा कि ठंड के मौसम में गरीब एवं जरूरतमंद लोगों की सहायता करना नगर निगम की प्राथमिकताओं में शामिल है। नगर निगम जनसेवा के प्रति प्रतिबद्ध है और नागरिकों की जरूरतों के अनुरूप सहायता उपलब्ध कराने के लिए तत्पर है।
उन्होंने कहा कि आज से कंबल वितरण अभियान की शुरुआत की गई है। ठंड के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए आने वाले दिनों में इस अभियान को निरंतर जारी रखा जाएगा तथा इसका दायरा भी बढ़ाया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक जरूरतमंदों तक राहत पहुँचाई जा सके। रांची नगर निगम के सभी वार्ड पार्षदों एवं पदाधिकारियों के माध्यम से जरूरतमंदों के बीच कंबल का वितरण किया जाएगा।
महापौर ने कहा कि जनसेवा और मानवीय संवेदनाओं के साथ जरूरतमंदों की मदद करना हम सभी का दायित्व है। राँची नगर निगम गरीब एवं असहाय लोगों के हित में हरसंभव प्रयास करता रहेगा।


