झारखंड स्थापना दिवस की रजत जयंती पर साइकिल रैली को मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने हरी झंडी दिखा कर किया रवाना
रांची: झारखंड राज्य स्थापना दिवस के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में झारखंड द्वारा कार्यक्रमों का भव्य आयोजन किया जा रहा है। इसी बीच गुरुवार को राजधानी रांची के ऐतिहासिक मोराबादी मैदान स्थित बापू वाटिका से साइकिल रैली का आयोजन किया गया।
मौके पर राज्य के पर्यटन, कला-संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग के मंत्री सुदिव्य कुमार ने रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह साइकिल रैली धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की जन्मस्थली खूंटी ऊलिहातू तक गई। रैली में बड़ी संख्या में युवाओं, खेल प्रेमियों और नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
मौके पर मंत्री सुदिव्य कुमार ने कहा कि यह बेहद गौरव का क्षण है कि जिन पूर्वजों ने अलग राज्य के लिए संघर्ष करते हुए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया, आज उन्हीं के सपनों का झारखंड विकास की दिशा में निरंतर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि यह रैली राज्य के गांव-गांव तक एकता, सम्मान और विकास का संदेश लेकर जा रही है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य है कि झारखंड एक समृद्ध, विकसित और सबल राज्य बने, जहां युवा वर्ग खेल, शिक्षा और रोजगार के क्षेत्र में नई ऊंचाइयां हासिल करें।



