अंबा प्रसाद के साथ भेदभाव का आरोप, ओबीसी होने के कारण अपमानित करने का दावा: राष्ट्रीय ओबीसी मोर्चा
रांची: पूर्व विधायक एवं कांग्रेस की राष्ट्रीय सचिव अंबा प्रसाद के सरकारी आवास को खाली कराने और सील करने की कार्रवाई को लेकर राष्ट्रीय ओबीसी मोर्चा ने राज्य सरकार पर भेदभाव का आरोप लगाया है। मोर्चा ने सवाल उठाया है कि अन्य पूर्व विधायकों, पूर्व मंत्रियों और पूर्व प्रशासनिक अधिकारियों के मामले में अलग नियम क्यों अपनाए जा रहे हैं? क्या अंबा प्रसाद के ओबीसी समुदाय से होने और महिला होने के कारण उन्हें निशाना बनाया जा रहा है?
मंगलवार को हरमू स्थित आशीर्वाद भवन में आयोजित प्रेस वार्ता में मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष राजेश कुमार गुप्ता ने कहा कि अंबा प्रसाद एक संघर्षशील महिला नेत्री हैं। उन्होंने हमेशा जनहित और सामाजिक न्याय के मुद्दों पर आवाज उठाई है। उनके सरकारी आवास को खाली कराने के तरीके से कई गंभीर सवाल खड़े होते हैं।
महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष उर्मिला यादव और महासचिव काशी प्रसाद ने भी कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए जातिगत भेदभाव और राजनीतिक दुर्भावना की आशंका जताई।
इससे पहले राजेश कुमार गुप्ता के नेतृत्व में 15 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने अंबा प्रसाद से मुलाकात कर समर्थन जताया। मोर्चा ने सरकार से कार्रवाई के कारण सार्वजनिक करने और सभी पूर्व जनप्रतिनिधियों के लिए समान नियम लागू करने की मांग की।



