झारखंड में बारिश के आसार, खूंटी,रांची,गुमला,लातेहार में ऑरेज अलर्ट

रांची : झारखंड में भारी बारिश के आसार फिर से बनते दिख रहे हैं। मौसम विभाग ने राज्य के कई जिलों में 7 जुलाई की सुबह तक भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।

दक्षिण-पश्चिम झारखंड के जिलों—खूंटी, गुमला, सिमडेगा और पश्चिम सिंहभूम में ऑरेंज अलर्ट, जबकि रांची, रामगढ़, हजारीबाग, पलामू और लोहरदगा जैसे उत्तर-पश्चिम क्षेत्रों में येलो अलर्ट घोषित किया गया है।

मौसम विज्ञान केंद्र रांची के निदेशक अभिषेक आनंद ने बताया कि बंगाल के उत्तर-पश्चिम हिस्से में बने साइक्लोनिक सर्कुलेशन और अरब सागर के प्रभाव से झारखंड में मानसून सक्रिय हो गया है। इसी वजह से 6 जुलाई को एक कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है, जिससे भारी बारिश हो सकती है।

उन्होंने कहा कि 7 जुलाई को भी दक्षिण-पश्चिम जिलों में मूसलाधार बारिश जारी रह सकती है। बारिश के साथ 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज़ हवाएं और बिजली गिरने की भी आशंका है।

राज्यवासियों को खासकर निचले इलाकों में रहने वालों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। खराब मौसम के दौरान घर में ही रहें और पेड़, बिजली के खंभों या पुलों के नीचे शरण न लें। किसानों को अपने बागानों में जल निकासी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *