स्वर्णकार समाज का 17 सूत्रीय संकल्प, 14 जून को रांची में होगा शपथ ग्रहण एवं सम्मान समारोह

रांची: अखिल भारतीय स्वर्णकार समाज एवं ज्वेलर्स एसोसिएशन ने स्वर्णकार समाज के सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक सशक्तिकरण की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए 17 सूत्रीय संकल्प पत्र जारी किया है। संगठन ने समाज के समग्र विकास, सर्राफा व्यवसायियों के हितों की सुरक्षा तथा युवाओं को आधुनिक तकनीक से जोड़ने के उद्देश्य से यह पहल की है। इस घोषणा के बाद राज्यभर के स्वर्णकार समाज और सर्राफा व्यवसायियों में उत्साह का माहौल है।
संगठन के अनुसार संकल्प पत्र में समाज को एकजुट करने, व्यापारिक चुनौतियों के समाधान, शिक्षा एवं स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार तथा युवाओं को रोजगारोन्मुख प्रशिक्षण उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया गया है। ज्वेलर्स और स्वर्ण व्यवसायियों को कानूनी, प्रशासनिक एवं व्यावसायिक समस्याओं के समाधान के लिए संगठन हरसंभव सहयोग और मार्गदर्शन प्रदान करेगा।
संकल्प पत्र में युवाओं और कारीगरों के लिए ज्वेलरी डिजाइनिंग, डिजिटल तकनीक तथा आधुनिक उत्पादन प्रणाली से संबंधित प्रशिक्षण शिविर आयोजित करने की योजना भी शामिल है। वहीं मेधावी एवं आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति देने, तकनीकी शिक्षा को बढ़ावा देने और प्रशिक्षण संस्थानों की स्थापना का लक्ष्य रखा गया है।
संगठन ने गरीबों के लिए निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर, औषधालय, एम्बुलेंस सेवा तथा निराश्रित महिलाओं के पुनर्वास और स्वरोजगार की दिशा में कार्य करने का भी संकल्प लिया है। इसके अलावा समाज के गौरवशाली इतिहास को संरक्षित करने के लिए महाराजा अम्बरीष जी, संत नरहरी जी, महाराजा अजमीढ़ जी और भगवान विश्वकर्मा जी की स्मृति में प्रतिमा स्थापना, धर्मशाला निर्माण और चौराहों के नामकरण का प्रस्ताव रखा गया है।
संगठन का प्रमुख नारा “एक ध्वज, एक पहचान” रखा गया है, जिसके माध्यम से पूरे स्वर्णकार समाज को एक मंच पर संगठित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। पदाधिकारियों का कहना है कि समाज की एकजुटता ही उसके सम्मान, अधिकार और भविष्य को सुरक्षित करने का सबसे प्रभावी माध्यम है।
इसी क्रम में 14 जून को रांची रेलवे स्टेशन के समीप स्थित होटल ब्लू शिवालिक में शपथ ग्रहण एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में डॉ. प्रदीप वर्मा, पूर्व विधायक जय प्रकाश गुप्ता, उपमहापौर नीरज कुमार, संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष पृथ्वीपाल सिंह तथा राष्ट्रीय महामंत्री दीपक वर्मा सहित कई राष्ट्रीय और प्रदेश स्तरीय पदाधिकारी शामिल होंगे।
प्रेस वार्ता में प्रदेश अध्यक्ष गोपाल प्रसाद सोनी, संगठन मंत्री राजेश प्रसाद साहू, कोषाध्यक्ष शंभू प्रसाद, महानगर अध्यक्ष पंकज प्रसाद, प्रदेश मंत्री मनोज सोनी, प्रदेश महामंत्री विनोद वर्मा, महामंत्री त्रिभुवन प्रसाद और रिवाल्डो वर्मा समेत अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
संगठन का दावा है कि यदि 17 सूत्रीय एजेंडे को प्रभावी ढंग से धरातल पर उतारा गया, तो यह पहल झारखंड में स्वर्णकार समाज के सामाजिक उत्थान, आर्थिक सशक्तिकरण और राजनीतिक भागीदारी को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *