मुरहू में 108 एम्बुलेंस सेवा ठप, उप प्रमुख अरुण कुमार साबू ने जताई नाराजगी
खूंटी: मुरहू प्रखंड अस्पताल में 108 एम्बुलेंस सेवा पिछले कई दिनों से बंद पड़ी हुई है। स्थानीय लोगों के अनुसार, एम्बुलेंस वाहन लंबे समय से तकनीकी खराबी के कारण उपयोग में नहीं लाया जा रहा है, जिससे आम जनता को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।
आपात स्थिति में मरीजों को इलाज के लिए खुंटी या रांची रेफर किए जाने पर सबसे अधिक परेशानी होती है। कई बार मरीजों को निजी वाहन या ऑटो से अस्पताल तक पहुंचाना पड़ता है, जिससे समय पर इलाज नहीं मिल पाता।
मुरहू उप प्रमुख अरुण कुमार साबू ने इस गंभीर लापरवाही पर गहरी नाराजगी जताई है। उन्होंने कहा कि “108 एम्बुलेंस सेवा ग्रामीण इलाकों के लिए जीवन रेखा की तरह है, और इसका बंद रहना सीधे आम जनता की जान से खिलवाड़ के समान है।”
उन्होंने जिला उपायुक्त, अस्पताल प्रबंधन और 108 सेवा संचालित करने वाली कंपनी से तत्काल एम्बुलेंस की मरम्मत कर सेवा शुरू करने की मांग की है।
साबू ने आगे कहा कि मुख्य पथ NH-75E, जो मुरहू का प्रमुख मार्ग है, उस पर अक्सर 108 एम्बुलेंस खराब हालत में खड़ी देखी जाती है। इस स्थिति से यह स्पष्ट होता है कि रखरखाव और मॉनिटरिंग में भारी लापरवाही बरती जा रही है।
उन्होंने बताया कि इस मुद्दे को लेकर शीघ्र ही राज्य के स्वास्थ्य मंत्री को भी ज्ञापन सौंपा जाएगा, ताकि जिले में 108 सेवा को मजबूती दी जा सके और ग्रामीणों को समय पर आपात चिकित्सा सहायता मिल सके।
उन्होंने जिला प्रशासन से यह भी आग्रह किया कि मुरहू क्षेत्र के लिए एक वैकल्पिक एम्बुलेंस वाहन की तैनाती की जाए, ताकि मरम्मत के दौरान मरीजों की जान जोखिम में न पड़े।
स्थानीय लोगों ने भी उप प्रमुख की इस पहल का समर्थन किया है और आशा जताई है कि प्रशासन शीघ्र ही 108 एम्बुलेंस सेवा को चालू कर जनता को राहत प्रदान करेगा।



